अगले चरण के तहत डीवी-पीएसटी के लिए बुलाया जाएगा
बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि सिपाही एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन बीती 8 से 10 जून तक छह पालियों में हुआ था। इसके लिए 28.86,797 लाख (19,62,560 पुरुष एवं 9,24,237 महिलाओं) के आवेदन पत्र मिले थे। लिखित परीक्षा में चयनित 76,184 अभ्यर्थियों को अगले चरण के तहत डीवी-पीएसटी के लिए बुलाया जाएगा।
इसमें समान कटऑफ अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थियों को सम्मिलित किया गया है। इसमें चयनित होने वालों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) में हिस्सा लेना होगा, जिसके बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा। डीवी-पीएसटी की कार्यवाही 17 अगस्त से प्रस्तावित है। इसके लिए स्थान, तिथि एवं समय की सूचना बोर्ड की वेबसाइट पर जल्द जारी की जाएगी।
प्रश्नों पर अभ्यर्थियों से साक्ष्य आधारित आपत्तियां मांगी थी
भर्ती का अंतिम चयन परिणाम प्रकाशित होने के बाद अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा में प्राप्त प्रसामान्यीकृत अंक (नार्मलाइज्ड स्कोर) बोर्ड की वेबसाइट पर प्रदर्शित लिंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी तिथि एवं प्रक्रिया से समय पर अवगत कराया जाएगा। इसके अलावा बोर्ड ने लिखित परीक्षा के प्रश्नों पर अभ्यर्थियों से साक्ष्य आधारित आपत्तियां मांगी थी।
अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण के बाद अंतिम उत्तर कुंजी का प्रकाशन बोर्ड की वेबसाइट पर किया गया है। अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि व प्रश्न पुस्तिका क्रमांक की सहायता से लॉगिन करके उत्तर कुंजी 5 अगस्त तक देख सकते हैं।