मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी से दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौध रोपण करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौ वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों के हेरिटेज वृक्ष के रूप में संरक्षित करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को गोमती नगर स्थित सिटी मॉन्टेंसरी स्कूल में पीपल के पौध का रोपण कर एक से सात जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव का आगाज किया। वन महोत्सव में सरकार ने 30 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, 4 जुलाई को एक दिन में 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है।
वन महोत्सव के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रत्येक नागरिक को महोत्सव के जरिये प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति हमारे दायित्व का निर्वहन करने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रकृति एवं पर्यावरण के जितने सानिध्य में रहेंगे हमारे अंदर रोगों से लड़ने की उतनी ही अधिक रोग प्रतिरोधक क्षमता पैदा होगी। मुख्यमंत्री ने गंगा के तटवर्ती क्षेत्रं में गंगा उद्यान लगाने और राम वन गमन मार्ग को वृक्षारोपण करने की कार्यवाही की जा रही है। एक्सप्रेस-वे और हाई-वे को भी वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने को कहा।
प्रकृति से खिलवाड़ का दुष्परिणाम भुगतना पड़ा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब भी प्रकृति के विपरीत आचरण किया और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ किया उसका दुष्परिणाम पूरी जीव सृष्टि को भुगतना पड़ा। प्रकृति और पर्यावरण के समन्वय के महत्व का अनुमान हम वर्तमान में लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया विगत सवा वर्ष से कोरोना महामारी से जूझ रही है। चूंकि मनुष्य इस जीव सृष्टि का सर्वश्रेष्ठ प्राणी माना गया है, वह ही सर्वाधिक इसकी चपेट में भी आया है।
लगातार बढ़ रही है पौध रोपण की संख्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में 5 करोड़, 2018 में 11 करोड़, 2019 में 22 करोड़ वृक्षों के रोपण के लक्ष्य को पूरा किया। 2020 में कोरोना महामारी की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एक दिन में प्रदेश में 25 करोड़ से अधिक वृक्ष लगाए गए। बीते चार वर्षों में जिन पौधों का रोपण किया गया उनमें से 75 से 90 प्रतिशत जीवित और पूरी तरह सुरक्षित है। इसके लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने की व्यवस्था की गई है। वन विभाग को 75 से 80 प्रतिशत वृक्षों को जियो टैगिंग से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सिटी मॉन्टेसरी स्कूल द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम भावी पीढ़ी को ही नहीं अपितु समाज के सभी वर्गों को वृक्षारोपण के महत्व से अवगत कराने में अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर एसीएस गृह अवनीश अवस्थी, एसीएस सूचना नवनीत सहगल, सीएमएस के संस्थापक प्रबंधक जगदीश गांधी, निदेशक डॉ.भारती गांधी उपस्थित थे।
योगी ने डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दी
मुख्यमंत्री ने नेशनल डॉक्टर्स डे पर सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हमारे चिकित्सकों ने जिस प्रतिबद्धता एवं ईमानदारी के साथ मानवता की सेवा की है। वह अपने आप में एक उदाहरण है।