उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी) के अभ्यर्थियों को स्पेशल ट्रेनों से रविवार को राहत लिी। लेकिन रेगुलर ट्रेनों की लेटलतीफी से उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। गोमती एक्सप्रेस के लेट होने से कानपुर की ओर जाने वाले अभ्यर्थी परेशान हुए। वहीं गोरखपुर इज्जतनगर एक्सप्रेस की देरी से पीलीभीत रूट के अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
चारबाग रेलवे स्टेशन से गोमती एक्सप्रेस सुबह 5:45 बजे की जगह सुबह 8:30 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। इससे कानपुर रूट पर जाने वाले अभ्यर्थियों की दुश्वारियां बढ़ गईं। इसी क्रम में गोरखपुर इज्जतनगर एक्सप्रेस के एक घंटा लेट होने से पीलीभीत जाने वाले अभ्यर्थियों ने शिकायत दर्ज कराई। 14214 इंटरसिटी एक्सप्रेस के लेट होने से अभ्यर्थियों की परेशानियां बढ़ी। अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी और परीक्षा छूटने की आशंका पर रेलवे ने तय समय पर ट्रेन को गंतव्य तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। हालांकि कई अभ्यर्थियों की परीक्षाएं भी छूटी।
04097 शकूरबस्ती स्पेशल के छह घंटे लेट होने पर अभ्यर्थी प्रदीप चौहान की परीक्षा छूट गई। अवध एक्सप्रेस से इटावा जा रहे सीपी यादव ने भी लेटलतीफी की शिकायत की। दूसरी ओर रेलवे ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। लखनऊ से मुरादाबाद के लिए दो, आगरा फोर्ट, प्रयागराज संगम , बलिया और बरेली के लिए एक-एक स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। शाम की पाली के बाद चारबाग स्टेशन पर भीड़ रही। जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों ने हालात को नियंत्रित किया। अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए स्टेशन के बाहर होल्डिंग एरिया बनाया गया।
कैसरबाग बस अड्डे पर हेल्पडेस्क बनाई गई। अवध बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएस वर्मा को परीक्षार्थियों को परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नोडल अफसर बनाया गया था। उन्होंने बताया कि लखनऊ में आयोजित परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए मार्गवार अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी। आलमबाग, कैसरबाग व अवध बस स्टेशन से अतिरिक्त बसें 24 घंटे उपलब्ध रहीं। एसी जनरथ बसें भी थीं।
30 को चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें
04322/21 लखनऊ-मुरादाबाद स्पेशल 30 अक्तूबर को चलाई जाएगी। ट्रेन में 13 कोच होंगे। 04322 परीक्षा स्पेशल मुरादाबाद से दोपहर 1:20 बजे चलकर रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ होते हुए शाम 6:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में 04321 परीक्षा स्पेशल लखनऊ से शाम सात बजे चलकर उपरोक्त स्टेशनों से गुजरते हुए 1:50 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी।
04324 परीक्षा स्पेशल मुरादाबाद से शाम 6:55 बजे चलकर रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और बालामऊ होते हुए रात 12:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में 04323 परीक्षा स्पेशल लखनऊ से रात 1:35 बजे चलकर उपरोक्त स्टेशनों से होते हुए सुबह आठ बजे मुरादाबाद पहुंचेगी।
-05012 बरेली जं-लखनऊ जं स्पेशल बरेली जंक्शन से शाम छह बजे चलकर मोहिबुल्लापुर रात 1:47 बजे, ऐशबाग 2:42 बजे होते हुए लखनऊ जंक्शन रात तीन बजे पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन में जनरल के 10 कोच रहेंगे।