खाद्य एवं रसद विभाग ने उचित दर की दुकानों के आवंटन नियमों में बदलाव किया है। प्रमुख सचिव अनिल कुमार की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार, अब मृतक पर निर्भर विवाहित पुत्री को भी परिवार का सदस्य मानते हुए मृतक आश्रित के रूप में राशन दुकान आवंटित की जा सकेगी। इसके लिए उसे आश्रित प्रमाणपत्र और अन्य वयस्क पारिवारिक सदस्यों का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देना होगा। साथ ही निर्धारित अन्य शर्तें पूरी करनी होंगी। आदेश सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है।