अलीगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में मंगलवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में टेक्नीशियन और नॉन-टेक्नीशियन श्रेणी के लगभग 300 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। चयन होने पर इंटरमीडिएट और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 25 हजार प्रति माह तक के वेतन पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें कई निजी कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों के चयन के लिए भाग ले रही हैं। इस मेले में शामिल होने के लिए पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अभ्यर्थी रोजगार संगम'' पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, अभ्यर्थी अपने बायोडाटा की प्रतियों और मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के साथ सीधे मेले में भी भाग ले सकते हैं। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने में आ रही किसी भी असुविधा या अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी टोल-फ्री नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं।