सुभासपा अध्यक्ष ने बताया कि महाराजा सुहेलदेव राजभर की अमर गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से 10 जून को बहराइच में “विजय दिवस” के रूप में भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सुभासपा अब हर वर्ष 10 जून को सुहेलदेव शौर्य दिवस मनाएगी। उन्होंने सरकार से 10 जून को विजय दिवस घोषित करने की भी मांग की है।
सपा अध्यक्ष पर साधा निशाना
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने एक विशेष वोटबैंक के लिए महाराजा सुहेलदेव जैसे महानायक को इतिहास से मिटाने का प्रयास किया है। इसी तरह कांग्रेस सरकार ने भी दशकों तक महाराजा सुहेलदेव के वीरगाथा को इतिहास की पुस्तकों से दूर रखा। सुभासपा अध्यक्ष ने सपा अध्यक्ष से सवाल पूछा है कि सपा ने बहराइच की भूमि पर आक्रांता सालार मसूद ग़ाज़ी की याद में मेला तो लगाया, लेकिन उसी भूमि पर महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम की स्मृति को क्यों भुला दिया ?
इसी सप्ताह केंद्र को भेजा जाएगा
जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख का चुनाव भी सीधे जनता से कराने से जुड़े सवाल के जवाब में राजभर ने बताया कि इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव को इसी सप्ताह में केंद्र सरकार को भेज दिया जाएगा। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि इन दोनों चुनावों में धन और बाहुबल हावी रहता है, इसलिए ये चुनाव सीधे जनता से कराने चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री से भी बात हो चुकी है।