रेड रिबन एक्सप्रेस से एड्स को लेकर प्रचार-प्रसार में पूरे देश में रायबरेली जिला अव्वल रहा है।
स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के कार्यक्रमों को सफलता से संचालित करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों कोमुख्य सचिव आलोक रंजन ने बुधवार को सम्मानित किया।
कहा कि सोसाइटी के कार्यक्रमों से लोगों में जागरूकता आती है। एचआईवी-एड्स की रोकथाम व उपचार के लिए समय से जानकारी होना बहुत जरूरी है।
मुख्य सचिव ने बुधवार को उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी के वित्तीय वर्ष 2013-14 में की गई गतिविधियों की पुस्तिका का विमोचन किया।
उन्होंने रेड रिबन एक्सप्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आने के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि एड्स कंट्रोल सोसाइटी ने पूरे देश में रेड रिबन एक्सप्रेस के प्रचार-प्रसार कार्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो बधाई के पात्र हैं।
सोसाइटी के परियोजना निदेशक आशीष कुमार गोयल ने बताया कि रेड रिबन एक्सप्रेस प्रदेश में 27 सितम्बर 2013 से 5 दिसंबर 2013 तक प्रदेश के 22 जनपदों से गुजरी थी।
जिसको 23, 71,800 दर्शकों ने देखा था। इस दौरान 3433 यूनिट रक्तदान किया गया था। जनपद रायबरेली में लगभग 56 हजार लोगों ने रेड रिबन एक्सप्रेस को देखा।