समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। इसमें हजारों की संख्या में डुप्लीकेट मतदाता दर्ज होने की बात कही गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि समाजवादी पार्टी ने 403 विधानसभाओं में ड्राफ्ट मतदाता सूची की जांच की है। इस जांच में भारी अनियमितताएं उजागर हुई हैं। पार्टी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली सूची में यह डुप्लीकेसी नहीं थी। ड्राफ्ट सूची में डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सामने आने से चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठ रहे हैं।
पार्टी ने कानपुर के आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र से कई उदाहरण दिए हैं। इनमें एक ही मतदाता का नाम, पिता का नाम और पता दो बार दर्ज है। दोनों प्रविष्टियों में इपिक नंबर अलग-अलग प्रिंट हैं। कुछ मामलों में मतदाता का नाम, संबंधी का नाम और उम्र समान है, लेकिन पता अलग है। समाजवादी पार्टी ने युद्ध स्तर पर डुप्लीकेट मतदाताओं को हटाकर सूची शुद्ध करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चंद्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह शामिल थे।