फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Nikay Chunav 2023 : पश्चिम और काशी में भाजपा रही भारी, पहली परीक्षा में पास हुए पदाधिकारी

Mon, 15 May 2023 05:52 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन से लेकर क्षेत्रों में बूथ प्रबंधन की कमान नव नियुक्त पदाधिकारियों को सौंपी थी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की टीम ने अपना राजनीतिक कौशल दिखाकर मेरठ और अलीगढ़ नगर निगम को बसपा से छीनने में सफलता हासिल की।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के संगठनात्मक क्षेत्र पश्चिम से लेकर काशी तक भगवा लहर चली है। पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन से लेकर क्षेत्रों में बूथ प्रबंधन की कमान नव नियुक्त पदाधिकारियों को सौंपी थी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की टीम ने अपना राजनीतिक कौशल दिखाकर मेरठ और अलीगढ़ नगर निगम को बसपा से छीनने में सफलता हासिल की। वहीं सभी 17 नगर निगम में परचम फहरा कर रिकार्ड भी बनाया। हालांकि नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में आए चुनाव नतीजे संकेत दे रहे हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी को इन क्षेत्रों में ज्यादा मेहनत करनी होगी।

विज्ञापन


भाजपा ने निकाय चुनाव में सभी 17 नगर निगम में महापौर, 1420 में से 813 पार्षद चुनाव जीते हैं। 199 नगर पालिका परिषद में से 89 नगर पालिका अध्यक्ष और 5327 में से 1360 सभासद भाजपा के जीते हैं। 544 नगर पंचायतों में से के साथ 199 नगर पालिका परिषद में से 191 नगर पंचायतों में भाजपा के अध्यक्ष और 7177 सभासद में से 1403 सभासद भाजपा के जीते हैं। निकाय चुनाव में भाजपा के लिए अब तक की सबसे बड़ी जीत है।

प्रदेश मुख्यालय में चुनाव की पूरी कमान महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने संभाली थी। धर्मपाल सिंह ने प्रत्याशी चयन से लेकर मतदान के दूसरे चरण तक एक-एक जिले से फीडबैक लेकर सरकार व संगठन के स्तर से कील कांटे दुरस्त करने में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन

भाजपा ने प्रदेश मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन की कमान प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह और प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह को सौंपी थी। प्रत्याशियों के सिंबल वितरण से लेकर नामांकन कराने, चुनाव में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और पदाधिकारियों की सभा कराने से लेकर मतदान के दिन पार्टी के पक्ष में मतदान कराने तक में चुनाव प्रबंधन टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

पश्चिम क्षेत्र की सहारनपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद और मेरठ नगर निगम में भाजपा ने जीत दर्ज की है। 2017 में मेरठ नगर निगम में बसपा ने चुनाव जीता था। इस बार भाजपा सीट छीनने में सफल रही। पश्चिम में 58 नगर पालिका परिषद में से भाजपा ने 24 में जीत दर्ज की है। जबकि 31 पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। पश्चिम में प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश के हाथ चुनाव की कमान रही।

ब्रज में रहा दबदबा
ब्रज क्षेत्र की बरेली, मथुरा-वृंदावन, आगरा, शाहजहांपुर, अलीगढ़ और फिरोजाबाद नगर निगम में भाजपा ने महापौर चुनाव जीता है। 2017 में अलीगढ़ में बसपा ने चुनाव जीता था। अलीगढ़ में भाजपा ने परचम फहराया। ब्रज क्षेत्र में 38 नगर पालिका परिषद में से भाजपा ने 18 पर भगवा परचम फहराया है। 20 पालिकाओं में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। ब्रज की कमान प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह को सौंपी गई थी।

कानपुर में भी 50 फीसदी
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की झांसी और कानपुर नगर निगम महापौर चुनाव भाजपा ने जीता है। कानपुर क्षेत्र में भाजपा ने 33 पालिकाओं में से 17 सीटों पर जीत दर्ज की है और 14 पालिकाओं में हार का मुंह देखना पड़ा है। कानपुर में प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत ने मोर्चा संभाला था।

अवध में कमजोर रही भाजपा
अवध क्षेत्र की लखनऊ और अयोध्या नगर निगम महापौर चुनाव भी भाजपा ने जीता है। अवध क्षेत्र में 34 नगर पालिकाओं में से 12 में भाजपा ने जीत हासिल की है। 21 पालिकाओं में भाजपा हारी है। अवध क्षेत्र की कमान प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य और अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा के हाथ थी।

काशी में अच्छा रहा भाजपा का प्रदर्शन
काशी क्षेत्र की प्रयागराज और वाराणसी नगर निगम महापौर चुनाव में भाजपा ने फिर परचम फहराया है। काशी क्षेत्र की 19 नगर पालिकाओं में से 13 में भाजपा ने जीत दर्ज की है और 6 पालिकाओं में भाजपा हारी है। काशी क्षेत्र के प्रभारी प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला और क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कमान संभाली।

गोरखपुर में ठीक नहीं रहा प्रदर्शन
गोरखपुर क्षेत्र की एक मात्र गोरखपुर नगर निगम में भाजपा ने जीत दर्ज की है। गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा को 5 पालिकाओं में जीत मिली है और 12 पालिकाओं में पार्टी चुनाव हारी है। गोरखपुर में नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय के हाथ चुनावी कमान रही।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें