लखनऊ की समिट बिल्डिंग में उत्तर प्रदेश सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग की पहली दुकान एमएसएमई मार्ट बनकर का विधिवत शुभारंभ 15 अगस्त को किया जाएगा। प्रदेश सरकार की कारीगरी को देश-विदेश में प्रसारित करने की नीति के तहत देश भर में इस तरह की 75 दुकानें खोलने का लक्ष्य रखा गया है। विदेशों में भी इस तरह की दुकानें खोलने की योजना बनाई गई है। ये कारीगरों की दुकान होगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के प्रशिक्षित कारीगरों के बनाए खास उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। मुरादाबाद के ब्रास से लेकर चित्रकूट के लकड़ी के खिलौने जैसे उत्पाद शामिल होंगे।
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने बताया कि लखनऊ के शहीद पथ के पास स्थित समिट बिल्डंग के सातवें फ्लोर पर यह मार्ट बनकर तैयार हो चुका है। प्रदेश की विभिन्न योजनाओं जैसे ओडीओपी आदि के जरिए प्रशिक्षण लेने वालों के बनाए उत्पाद यहां बिकेंगे। ऐसे ही मार्ट नोएडा, इलाहाबादए वाराणसी और आगरा में भी खोले जाएंगे। अगले चरण में बेंगलुरू, मुंबई, दिल्ली और कोलकाता में भी इसकी शुरुआत होगी। एमएसएमई मार्ट का फ्रेंचाइजी मॉडल भी बन रहा है।
फ्रेंचाइजी लेने के लिए व्यक्ति के पास पर्याप्त जगह होना जरूरी है, जहां लोग खरीदारी के लिए आ सकें। उद्यमिता की कोई ट्रेनिंग ली होगी तो उसे प्राथमिकता मिलेगी। इस तरह के मार्ट डिस्प्ले सेंटर हैं, ताकि लोग आनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से खरीदारी कर सकें। त्योहारों के मौसम में यह मार्ट लोगों को उपहार देने का मंच भी मुहैया कराएगा। इसके लिए उत्पादों पर विभिन्न छूट की भी घोषणा की गई है। रक्षाबंधन के लिए यहां कई तरह के ऑफर उपलब्ध हैं।