मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत माध्यमिक विद्यालयों में मार्च 2024 तक सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों के साथ वन, राजस्व, कौशल विकास मिशन, सूडा के कामकाज की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने बिजली गिरने से होने वाली जनहानि को कम करने के लिए लोगों को जागरूक करने और ऊंची इमारतों पर लाइटिंग अरेस्टर लगाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत मार्च, 2024 तक सभी विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल, पाइप वाटर सप्लाई, विद्युत संयोजन, दिव्यांग फ्रैंडली शौचालय से संतृप्तिकरण का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के 17 नगर निगम वाले जिलों के शहरी क्षेत्र में अवस्थित विद्यालयों को 19 मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं उपलब्ध कराने की कार्यवाही सितम्बर तक पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अलंकार परियोजना के तहत माध्यमिक विद्यालयों को 16 इंडीकेटर्स से संतृप्त करने के कार्य में नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। लर्निंग आउटकम बढ़ाने के साथ-साथ विद्यालयों में छात्रों की नियमित उपस्थिति के भी प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि शिक्षा की गुणवत्ता और डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए सिंतबर तक प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 2.36 लाख टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। 21,800 स्मार्ट क्लासेज एवं 4053 आईसीटी लैब्स जुलाई तक स्थापित की जाएंगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग, अवैध खेती व तस्करी को लेकर सरकार बेहद गंभीर है। उन्होंने नार्को की जिला स्तरीय समिति की नियमित बैठक आयोजित करने और कारगर योजना बनाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कौशल विकास मिशन के तहत जिलावार लक्ष्य के सापेक्ष पाठ्यक्रमों का पंजीकरण कराने और कोर्स समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने जिलों में पुलिस अधिकारियों की ओर से जनशिकायतों के निस्तारण में किए जा रहे नवाचार पर बात की। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभार्थी पुरस्कार-2023 के मापदंड की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। चित्रकूट के मंडलायुक्त ने ‘औद्यानिक फसलों का विस्तार, बुंदेलखण्ड के आर्थिक समृद्धि का आधार’ और सिद्धार्थनगर के सीडीओ ने ‘मत्स्य पालन’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया।