अलविदा जुमा की नमाज: मस्जिदों में अदा की गई नमाज
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में अलविदा की नमाज शुक्रवार को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो गई। अब पुलिस शनिवार को ईद की नमाज को भी इसी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जुट गई है। स्पेशल डीजी कानून-व्यवस्था एवं अपराध प्रशांत कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश में कहीं से भी अप्रिय घटना होने की सूचना नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि अलविदा की नमाज और ईद को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। समस्त जिलों में सुरक्षा के दृष्टिगत 249 कंपनी पीएसी, तीन कंपनी एसडीआरएफ, पांच कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, 7000 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, 1795 क्विक रिस्पांस टीमें, 4800 यूपी 112 की पीआरवी तैनात की गयी हैं।
साथ ही, समस्त जनपदों में 2933 संवेदनशील स्थान एवं हॉट स्पाट्स चिह्नित करते हुए 849 जोन व 2460 सेक्टर में पुलिस की तैनाती गयी है। नमाज स्थलों के आसपास तथा संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरे और हाई रिजोल्यूशन सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को कुल 29,439 मस्जिदों और 3865 ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी।