घरेलू एलपीजी सिलिंडर के लिए बृहस्पतिवार को भी मारामारी रही। गैस एजेंसियों पर लोग लाइन लगाकर बैठे रहे। बुकिंग न होने से भी उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। गैस किल्लत से खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ गए हैं। दुकानों पर नई रेट लिस्ट लग गई है।
फिरोजाबाद: चूड़ी उद्योग पर ताले की नौबत
फिरोजाबाद जिले मेंरसोई गैस का संकट गहराता जा रहा है। हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुट रही है। गैस कंपनी के औद्योगिक इकाइयों को दी जाने वाली गैस के कोटे में 20% की कटौती से कांच व चूड़ी उद्योग पर ताले लटकने की नौबत आ गई है। आपूर्ति बहाल नहीं हुई, सैकड़ों कारखाने बंद हो सकते हैं। इससे बड़ी संख्या में कामगार बेरोजगार हो जाएंगे।
हाथरस: घुंघरुओं की खनक पर भी असर
गैस आपूर्ति बाधित होने की मार बिसावर के चांदी के घूंघरू और आभूषण बनाने के कारोबार पर पड़ी है। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं होने से यहां की 180 छोटी-बड़ी फैक्टरियों में काम बंद हो गया है। करीब 4000 कारीगरों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। पर्यावरण नियमों के कारण सभी इकाइयों में केवल गैस से चलने वाली मशीनों से ही घुंघरू को जोड़कर पायल, पाजेब और अन्य आभूषण बनते हैं। यहां का घुंघरू उद्योग देश के कई बड़े बाजारों तक पहचान रखता है।
वाराणसी। वाराणसी सहित 10 जिलों में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कम आपूर्ति से स्थिति और गंभीर हो गई है। वाराणसी के अन्नक्षेत्रों में गैस स्टॉक खत्म हो रहा है तो वहां चूल्हे लग गए हैं। बड़े होटलों में भी चूल्हे लगा दिए गए हैं। जौनपुर के जफराबाद थानाक्षेत्र के कल्यानपुर बाजार में जनसेवा केंद्र और कास्मेटिक की दुकान पर छापा मारकर 61 सिलिंडर बरामद किए गए। भदोही के दुर्गागंज तिराहे पर कालाबाजारी की सूचना पर पूर्ति विभाग ने आनंद किचन सर्विस से 12 घरेलू सिलिंडर, पांच किलो के तीन भरे और पांच किलो के खाली नौ सिलिंडर जब्त किए हैं। यहां पर 53 उपभोक्ताओं की पासबुक मिली हैं। मिर्जापुर में वितरकों ने मोबाइल बंद कर लिए हैं। आजमगढ़, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर और बलिया में सुबह से ही गैस एजेंसियों पर कतार लग गई थी।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा है कि युद्ध से उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों पर सरकार की नजर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस या अन्य जरूरी ईंधन की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। रसोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वित्त मंत्री गुरुवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया के पुत्र के विवाह में शामिल होने आए थे।