नगर निकाय चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। इसके अलावा पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता 30 अक्तूबर को बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ सुनने के लिए कार्यक्रम का भी आयोजन करेंगे। जबकि 31 अक्तूबर को सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भी वार्ड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इन कार्यक्रमोें के मद्देनजर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल ने शुक्रवार को प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों व निकाय चुनाव की तैयारियों से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। दोनों नेताओं ने बैठक में निकाय चुनावों को लेकर की गई अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की।
चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी ताकत से नगर निकाय के चुनाव में पार्टी की जीत के संकल्प के साथ तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर संपर्क व संवाद के माध्यम से निकाय चुनाव में पार्टी को विजय के लिए जनता से समर्थन मांगने का आह्वान किया है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे मतदाताओं का नाम जुड़वाने का कार्य अंतिम चरण में है। ऐसे में जिन मतदाताओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नही होे सका है, उनके नाम दर्ज करवाने का काम अभियान के तौर पर करें।