प्रदेश में पांच होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। इन पर दायित्व निर्वहन में लापरवाही और रिश्वतखोरी के आरोप हैं। इसमें अयोध्या व ललितपुर के चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा गया है, जबकि तीन के खिलाफ जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
दरअसल, होम्योपैथिक निदेशालय से एक-एक अस्पताल की वीडियो कॉल के जरिए मॉनिटरिंग की जा रही है। जांच के दौरान पता चला कि चिकित्सक अस्पतालों से गायब रह रहे हैं। निगरानी करने में नाकाम मिर्जापुर एवं बरेली मंडल के मुख्य चिकित्साधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी अयोध्या, ललितपुर एवं कुशीनगर पर गंभीर आरोप लगे हैं। इन पर कार्य में लापरवाही बरतने के साथ ही रिश्वत मांगने के भी आरोप हैं।
इनमें अयोध्या एवं ललितपुर के चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश शासन से की गई है। जबकि कुशीनगर के चिकित्सक पर मृतक आश्रित को नौकरी देने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप मेें जवाब-तलब किया गया है। इसी तरह अस्पताल से गायब रहने वाले आधा दर्जन से अधिक होम्योपैथिक चिकित्साधिकारियों कोे चेतावनी भी दी गई है।
सभी होम्योपैथिक चिकित्साधिकारियों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। जिनके खिलाफ शिकायतें मिली थीं, उसकी जांच कराई गई है। दो के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा गया है। अन्य की जांच चल रही है। जहां भी शिकायत मिलेगी तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
- प्रो अरविंद कुमार वर्मा, निदेशक होम्योपैथिक