पावर कॉर्पोरेशन बिजली दर ही नहीं बल्कि नए कनेक्शन की दरों में भी बढोतरी चाहता है। घरेलू कनेक्शन की दर में करीब 25 से 50 फीसदी और वाणिज्यिक दर में 100 फीसदी तक बढोतरी की मांग कर रहा है। पावर कार्पोरेशन बिजली दर में करीब 45 फीसदी बढोतरी के साथ ही नए कनेक्शन की दर बढ़ाने का प्रस्ताव दाखिल कर चुका है। नियामक आयोग सभी निगमों में सुनवाई भी कर चुका है।
अब नियामक आयोग की उप समिति की जल्द ही बैठक होने वाली है। इसमें दरों पर विचार विमर्श किया जाएगा। ऐसे में कार्पोरेशन प्रबंधन उप समिति की बैठक में नए कनेक्शन की दरों को बढ़ाने के लिए लगातार पैरवी कर रहा है। दो दिन पहले कार्पोरेशन के अधिकारियों ने इस मुद्दे पर नियामक आयोग में चर्चा भी की। मालूम हो कि प्रदेश में बीपीएल उपभोक्ताओं को करीब 1032 रुपये में कनेक्शन मिलता है। एक किलोवाट का कनेक्शन लेने पर अभी ग्रामीण इलाके में करीब 1172 रुपये और शहरी इलाके में करीब 1570 रुपये जमा करना पड़ता है। यदि 40 मीटर से दूर कनेक्शन होता है तो पोल का खर्च करीब पांच से सात हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने होते हैं।