उत्तर प्रदेश में मोंथा के असर से बीते दो दिनों के दौरान बेमौसम बारिश देखने को मिली। बारिश और तेज हवाओं के जोर से प्रदेश के झांसी आदि जिलों में दिन के तापमान में 9 से 10 डिग्री तक की गिरावट आ गई और लोगों को सर्दी की आमद का अहसास हुआ। पारे में गिरावट का हाल ये रहा कि बाराबंकी, झांसी और अमेठी में बृहस्पतिवार, अक्तूबर माह का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ।
नवंबर में उम्मीद से कम पड़ेगी सर्दी
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार यानी एक नवंबर से उत्तर प्रदेश में मोंथा का असर छंटेगा और धूप खिलने से अगले तीन दिनों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की उछाल देखने को मिलेगी। वहीं रात के पारे में शनिवार से क्रमश: गिरावट दर्ज होगी।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि नवंबर में इस बार औसत से थोड़ी कम ठंड पड़ने के संकेत हैं। अधिकतर इलाकों में दिन का पारा सामान्य से कम और न्यूनतम तापमान यानी रात का पारा सामान्य से ऊपर रह सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को यूपी के चंदाैली, गाजीपुर, बलिया, कुशीनगर आदि में छिटपुट बूंदाबांदी की आशंका है। इसके बाद प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं।
बारिश से धुल कर साफ हो गई हवा
बृहस्पतिवार की बारिश में लखनऊ के सभी छह वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों की हवा हरे यानी सेहत के लिए बेहतर श्रेणी में दर्ज हुई। शहर का औसत एक्यूआई 68 सूचकांक के साथ हरे जोन में रहा। गोमती नगर की हवा 34 सूचकांक के साथ गहरे हरे जोन में यानी सबसे बेहतर रही।