बिजली विभाग के एक अवर अभियंता से ऑटो में सवार बदमाशों ने मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध करने पर उन्हें चलते वाहन से धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मड़ियांव इलाके में 14 जुलाई की रात बिजली विभाग में तैनात जेई अश्विनी कुमार वर्मा से ऑटो सवार चार बदमाश 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और धमकी दी। पुलिस ने लूट की एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
मड़ियांव के महर्षि नगर अश्विनी कुमार बाराबंकी के सुबेहा उपकेंद्र में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुसार, 14 जुलाई को बेटे की तबीयत खराब होने पर वह बाराबंकी से लखनऊ पहुंचे। मड़ियांव स्थित प्रधान मैरिज लॉन के पास उन्होंने घर तक जाने के लिए एक ऑटो किया।
ऑटो में चालक को मिलाकर पहले से चार लोग मौजूद थे। अश्विनी कुमार ऑटो में बैठ गए। कुछ दूर जाने के बाद चालक ने ऑटो को मधुवन विहार कॉलोनी की तरह गलियों में मोड़ दिया। यह देख अश्विनी कुमार ने चालक से सवाल किया। बस इस बीच पीछे बैठे बदमाशों ने उनको मुंह दबा दिया। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की।
रुपये व मोबाइल फोन लूटकर ऑटो से दिया धक्का
बदमाशों ने अश्विनी कुमार से उनके पास मौजूद 20 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद कुछ दूरी पर एक सुनसान जगह पर बदमाशों ने उनको चलते ऑटो से धक्का दे दिया और वहां से भाग गए। गली से बाहर आकर अश्विनी कुमार ने एक राहगीर से मदद मांगी।
विज्ञापन
उसके मोबाइल फोन से घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि लूट की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लुटेरों के बारे में कुछ अहम सुराग मिला है। पुलिस की टीम उस पर काम कर रही है।