पावर आफिसर्स एसोसिएशन की रविवार को फील्ड हॉस्टल में हुई बैठक में दलित व पिछड़े वर्ग के अभियंताओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर आक्रोश जताया गया। तय किया गया कि जातीय विद्वेश फैलाने वाले मुख्य अभियंता और ब्लैक लिस्टेड ठेकेदार के खिलाफ मानहानि की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। मुख्यमंत्रो को भी पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी गई है। मांग की गई है कि सामाजिक विद्वेष फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह भी आरोप लगाया गया कि पूरे मामले में कार्पोरेशन प्रबंधन के भी कुछ अधिकारियों का हाथ हैं। जिन्हें संगठन चिन्हित कर रहा है।
एसोसिएशन की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विद्युत निगमों में निदेशक के 17 पद के लिए साक्षात्कार हुए हैं। अभी परिणाम जारी नहीं किया गया। कार्पोरेशन प्रबंधन ने पहले दलित व पिछड़े वर्ग के अभियंताओं को साक्षात्कार में बुलाया ही नहीं। एसोसिएशन ने विरोध किया तो साक्षात्कर स्थगित हुआ और सभी अभियंताओं को साक्षात्कार में शामिल किया गया। अभी परिणाम आना बाकी है। इस बीच आरक्षण विरोधी तत्व सक्रिय हो रहे हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कानपुर जोन में रहे एक पूर्व मुख्य अभियंता पूरे मामले के षड्यंत्र हैं।
पूर्व मुख्य अभियंता और ब्लैक लिस्टेड ठेकेदार दयाल शरण मिश्र निरंतर दलित व पिछड़े वर्ग के अभियंताओं के खिलाफ लिखित शिकायतें कर रहे हैं। इस ठेकेदार के खिलाफ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष वेद प्रकाश कौशल ने वर्ष 2021-22 में बनारस के चितईपुर थाना व लंका थाना में विभिन्न मामलों के साथ ही एससी एसटी एक्ट में भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटिया कार्य कराने की वजह से एसोसिएशन उपाध्यक्ष वेद प्रकाश ने ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेट किया था। अब वह बदले की भावना से एसोसिएशन के पदाधिकारियों के खिलाफ फर्जी शिकायत कर रहा है।
बैठक में प्रस्ताव पारित करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा गया। इसमें बताया गया कि जातीय विद्वेष फैलाकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पूरे मामले में ब्लैक लिस्टेट ठेकेदार डीएस मिश्रा के साथ ही कानपुर जोन के पूर्व मुख्य अभियंता भी संलिप्त हैं। इस दौरान यह भी फैसला लिया गया कि फर्जी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ एसोसिएशन की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। क्योंकि पूरे मामले में कार्पोरेशन प्रबंधन को भी अवगत कराया गया है। अभी तक प्रबंधन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया है।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष आरपी केन, कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष पीएम प्रभाकर, नेकीराम, अनिल कुमार, हरिश्चंद्र वर्मा, बिंदा प्रसाद, सुशील कुमार वर्मा, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।