आकाश के व्यवहार में बदलाव का किया जिक्र
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ कारणों से संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े। उन्होंने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने का भी जिक्र किया।
मायावती के मुताबिक, इसके बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आकाश की ओर से पार्टी में वापस काम करने की इच्छा जताने वाले पोस्ट का भी उन्होंने उल्लेख किया। आकाश ने अपने पोस्ट में मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए दोबारा पार्टी के लिए काम करने का अवसर मांगा था।
आकाश के छोटे भाई ईशान का भी जिक्र
मायावती ने कहा कि पार्टी के अधिकांश लोगों ने आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करने और उन्हें पहले वाली जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का अवसर देने की बात कही। उन्होंने आकाश के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद की सहमति का भी उल्लेख किया।
गौरतलब है कि सितंबर में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से अलग कर दिया था और बाद में उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया था। अब मायावती ने आकाश आनंद को फिर राष्ट्रीय संयोजक बनाते हुए उम्मीद जताई है कि पार्टी संगठन में आगे काम सुचारू रूप से चलेगा। उन्होंने आकाश आनंद, ईशान आनंद और आनंद कुमार को अपना आशीर्वाद देने की बात भी कही।