पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में साझा किए विचार
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 124वें एपिसोड में एक बार फिर से यूपी में योगी सरकार द्वारा सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने के अभियान की सराहना की। उन्होंने रविवार को मन की बात में यूपी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए बांदा जिले के कालिंजर किले का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह किला केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं है, बल्कि यह भारत की संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किलों से संस्कार और स्वाभिमान झांकते हैं। बांदा का कालिंजर किला इसका जीवंत उदाहरण है, जिसने महमूद गजनवी के बार-बार हमलों को विफल किया। उन्होंने बुन्देलखंड रीजन के अन्य किलों जैसे ग्वालियर, झांसी, दतिया, अजयगढ़, गढ़कुंडार और चंदेरी का भी जिक्र किया। इन किलों को देश की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए उन्होंने देशवासियों से इन स्थलों की यात्रा करने और अपने इतिहास के गौरव को महसूस करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने यूपी में स्वच्छता के प्रति जन समर्पण को भी सराहा। उन्होंने लखनऊ की गोमती नदी स्वच्छता टीम का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से यह टीम हर रविवार बिना रुके, बिना थके गोमती नदी की स्वच्छता के लिए कार्य कर रही है। पीएम ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की भी चर्चा हो रही है। सीएम योगी के निर्देश पर यूपी पर्यटन विभाग प्रदेश के ऐतिहासिक किलों, विशेष रूप से कालिंजर किले, के पुनरोद्धार और उन्हें पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसके अलावा, प्रदेश में नदी पुनरोद्धार अभियान भी जोर-शोर से चल रहा है। प्रत्येक जिले में छोटी नदियों को पुनर्जनन और उनके किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।