फॉर्मेसी संस्थानों में प्रवेश।
- फोटो : अमर उजाला
इंजीनियरिंग की ही तरह प्रदेश के फार्मेसी संस्थानों में प्रवेश के लिए भी 12वीं पास छात्रों को सीधे प्रवेश का मौका मिलेगा। निर्धारित आवश्यक योग्यता पूरी करने वाले छात्र विशेष चरण में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए मंगलवार से शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
प्रदेश के फार्मेसी संस्थानों में प्रवेश के लिए सुप्रीम कोर्ट ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) को दस नवंबर तक का मौका दिया है। इस क्रम में विश्वविद्यालय की ओर से विशेष चरण में सीयूईटी यूजी के साथ-साथ 12वीं पास छात्रों को भी फार्मेसी में प्रवेश का मौका दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इसके लिए छात्र को पीसीएम ग्रुप का होना चाहिए।
छात्र के लिए फिजिक्स-केमेस्ट्री विषय अनिवार्य है। जबकि मैथ्स या बायोलॉजी में से कोई एक विषय 12वीं में होना चाहिए। वहीं विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार से विशेष चरण में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार छह नवंबर तक छात्र शुल्क जमा और अपनी चॉइस भर सकेंगे। इनका सात नवंबर को सीट एलॉटमेंट किया जाएगा।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि सीट पाने वाले अभ्यर्थी आठ से 10 नवंबर तक संबंधित कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग करेंगे। उन्होंने बताया कि निर्धारित योग्यता रखने वाले 12वीं पास छात्रों को सीधे प्रवेश का मौका दिया गया है। इसमें प्रवेश पाने वाले छात्रों को मैथ्स या बायोलॉजी में से विशेष कोर्स कराया जाएगा। बता दें कि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्रवेश काउंसिलिंग में अपेक्षाकृत कम अभ्यर्थी आए हैं। प्रदेश के 410 कॉलेजों की 30 हजार सीटों के सापेक्ष लगभग पांच हजार प्रवेश हुए हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से एक और कवायद की जा रही है।
पॉलीटेक्निक में 55 हजार सीटें खाली
प्रदेश के पॉलीटेक्निक फार्मेसी संस्थानों में प्रवेश के लिए भी विशेष चरण की काउंसिलिंग मंगलवार से शुरू हुई है। चार चरणों की काउंसिलिंग के बाद यहां भी 55659 सीटें खाली हैं। अभी तक 64293 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया है। प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से पांचवें चरण की काउंसिलिंग 11 नवंबर तक की जाएगी। प्रदेश की 1819 पॉलीटेक्निक संस्थानों में 119952 सीटें हैं। इसमें प्रवेश परीक्षा के बाद प्रवेश के लिए 331174 अभ्यर्थी योग्य हैं।