यूपी में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मतदान हो रहा है। इस चरण में तीन सीटों पर होने वाले मतदान में मत प्रतिशत के मामले में आगे निकलने की कड़ी चुनौती है।
अवध के अखाड़े में 18 अप्रैल से शुरू हुआ चुनावी दंगल अब फाइल की ओर है। शनिवार को यहां की श्रावस्ती, सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर की तीन सीटों पर छठें चरण के रूप में अंतिम मैच खेला जा रहा है। इसमें भाजपा के साथ ही सपा व बसपा के धुरंधर भी खम ठोंकेंगे। इनमें सुल्तानपुर सबसे खास है, जहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी लगातार दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं।
विज्ञापन
प्रचार के अंतिम समय में उनके बेटे वरुण गांधी ने भी मोर्चा संभाला। दूसरे नंबर पर श्रावस्ती संसदीय सीट है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के बेटे साकेत के लिए खुद चुनाव प्रचार के लिए आए। यहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पूरा जोर लगाया।
अवध के अंतिम चरण के रण में तीसरे स्थान पर अंबेडकरनगर है, जहां भाजपा से लेकर सपा और बसपा के धुरंधर प्रचार के लिए पहुंचे। उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री भी सभा करेंगे। लेकिन, अंतिम समय में अमित शाह ने रैली कर दम दिखाने की भरपूर कोशिश की। इन तीन सीटों पर चुनाव के बाद अब अवध के मतदाताओं को चार जून के मतगणना का इंतजार रहेगा।
विज्ञापन
खास है छठां चरण
लोकसभा चुनाव में अवध की अहमियत को समझाने के लिए आप को 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम को सझना होगा। अवध की 82 सीटों में से 67 अकेले भाजपा के पास रही। ठीक वैसे ही यहां के 13 जिलों की 17 संसदीय सीटों में 16 भाजपा की झोली में आई। मसलन, जिसने अवध के मतदाताओं का दिल जीत लिया उसने चुनावी रण में बाजी मार ली। यही कारण है कि अवध के रण में भाजपा के साथ सपा-कांग्रेस गठबंधन ने पूरा जोर लगा दिया। बसपा भी जोर लगा रही है।
बाराबंकी से आगे निकलने की चुनौती
पांचवें चरण में यूपी की अवध और बुंदेलखंड की 14 लोकसभा सीटों पर 20 मई को 58 फीसदी मतदान हुआ। इसमें बाराबंकी में सर्वाधिक 67.10 प्रतिशत मत पड़े। यह यूपी में अब तक के सभी चरणों में कुल 53 सीटों पर हुए मतदान में भी सबसे अधिक है। ऐसे में छठे चरण में शनिवार को तीन सीटों पर होने वाले मतदान में मत प्रतिशत के मामले में आगे निकलने की कड़ी चुनौती है। मतदाता जागरूकता के लिए यहां जिला निर्वाचन कार्यालय से लेकर समाजिक संगठनों ने भी सहभागिता निभाई है। ऐसे में उम्मीद है कि सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर व श्रावस्ती बाराबंकी से आगे निकलने की कोशिश करेंगे।
सुल्तानपुर
18.52 लाख मतदाता। 1991 बूथों पर होगा मतदान। भाजपा, सपा, बसपा सहित कुल नौ प्रत्याशी। अभी यह सीट भाजपा के पास।
श्रावस्ती
19.80 लाख मतदाता। 2104 बूथों पर होगा मतदान। 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में। अभी यह सीट बसपा के पास।
अंबेडकरनगर
18, 64,149 लाख मतदाता। 1899 बूथों पर होगा मतदान।आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में।
अवध में तीन चरणों में संपन्न हुआ मतदान
यूं तो पूरा चुनाव सात चरणों में संपन्न होगा। लेकिन, बात अवध की करें तो यहां मतदान चौथे, पांचवें चरण में हुआ। और अब बारी अंतिम छठे चरण की है। 25 मई को मतदान संपन्न होते ही चुनावी सरगर्मी करीब-करीब ठंडी पड़ जाएगी।