जौनपुर में बसपा के टिकट बदलने के बाद अखिलेश यादव का मायावती के फैसलों पर खुलकर हमला बोलना यूं ही नहीं है। यूपी की करीब 25 सीटों पर बसपा के प्रत्याशियों से सीधे विपक्षी गठबंधन के समीकरण प्रभावित होने का खतरा है।
जौनपुर में बसपा ने पहले पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी को टिकट दिया, लेकिन अचानक उनका टिकट काटकर वहां से अपने मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को उतार दिया। जाहिर है कि श्रीकला के प्रत्याशी होने से भाजपा को नुकसान होता, क्योंकि क्षत्रिय समाज का वोट बंटने की संभावना थी।
वहीं, श्याम सिंह यादव सपा के वोटबैंक में सेंध लगाएंगे। मुस्लिमों और यादव मतदाताओं के बीच श्याम सिंह यादव का अपना भी प्रभाव है। इसलिए इस एक सीट के बहाने सोमवार को अखिलेश यादव ने कन्नौज में बसपा पर सीधे हमला बोला।
आम तौर पर वे बसपा या मायावती के बारे में सवाल पूछने पर उसे टाल जाते थे, लेकिन कन्नौज में अखिलेश ने कहा कि टिकट में बदलाव से साफ जाहिर है कि बसपा स्पष्ट तौर से भाजपा की मदद कर रही है।