निर्माण के बाद भौतिक सत्यापन पर भी सवाल
महालेखाकार कार्यालय ने निर्माण पूरा होने के बाद भौतिक सत्यापन की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। पूछा है कि कितने प्रकरणों में मौके पर जांच की गई और यह पड़ताल की गई कि पार्किंग स्थल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार बना है या नहीं। यह भी जांचा जाएगा कि पार्किंग का इस्तेमाल व्यावसायिक दुकान, गोदाम या किसी अन्य काम के लिए तो नहीं हो रहा है।
सूत्रों का कहना है कि शहर में करीब 50 हजार व्यावसायिक इस्तेमाल वाली इमारतें ऐसी हैं जिनमें पार्किंग नहीं है और यहां गाड़ियां सड़क पर खड़ी होती हैं। इनमें 30 हजार वे इमारतें हैं जिनका मानचित्र आवासीय में पास है और इस्तेमाल व्यावसायिक हो रहा है। वहीं, जिनका नक्शा व्यावसायिक में मंजूर है, वहां पार्किंग की जगह का इस्तेमाल दूसरे कामों के लिए हो रहा है।
जांच में मिलीं अनियमितताएं
अलीगंज अग्निकांड के बाद एलडीए ने करीब चार महीने पहले शहर में अवैध इमारतों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान 150 बिल्डिंगों को सील किया गया था। इनमें कई इमारतें ऐसी थीं जिनमें नक्शे में पार्किंग के रूप में दिखाए गए बेसमेंट का इस्तेमाल रेस्टोरेंट, किचन, लॉन्ड्री में हो रहा था। कई जगह तो पार्किंग की जगह पर बैंक्वेट हॉल और अन्य गतिविधियां चलती मिली थीं। ऐसे लोगों को एलडीए ने शमन कराने का मौका दिया था, पर वह कागजी ही रहा और मामले को मिलीभगत कर दबा दिया गया।