उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग अब अपनी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन कराएगा। आयोग ने परीक्षा से पहले आधार में नाम, जन्मतिथि, फोटो और अन्य जरूरी जानकारी अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था से अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने और दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग अब अपनी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन भी कराएगा। यह कवायद प्रदेश की समूह ग की भर्ती परीक्षाओं में और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए की गई है। आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने बताया कि चयन आयोग द्वारा परीक्षा व्यवस्था को अधिक शुचितापूर्ण व सुदृढ़ करने के लिए भविष्य में आयोग की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का आधार सत्यापन भी कराया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी अपने आधार में बायोमैट्रिक डाटा व अन्य सूचनाएं अपडेट करा लें। ताकि सत्यापन में किसी भी तरह की दिक्कत से बच सकें।
विज्ञापन
वहीं आयोग ने 20 सितंबर को आयोजित फार्मासिस्ट आयुर्वेदिक के 1002 पदों पर हुई लिखित परीक्षा व आबकारी सिपाही के 722 पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी वेबसाइट पर जारी कर दी है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति ने बताया कि उत्तर कुंजी 28 सितंबर तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।