किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में गैर-शैक्षणिक नियमित पदों की भर्ती परीक्षा 14 नवंबर को दो पालियों में प्रदेश के नौ शहरों में होगी। फिलहाल सिर्फ आठ प्रकार के पदों की भर्ती परीक्षा होने जा रही है। बचे नौ पदों की परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि कुल 17 प्रकार के पोस्ट के लिए 322 पदों की भर्ती निकाली गई थी। प्रवेश पत्र 11 नवंबर से जारी होंगे। केजीएमयू में लंबे समय से नियमित पदों पर भर्ती नहीं हुई है। इसकी वजह से करीब साढ़े छह हजार कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे हैं।
परीक्षा में होंगे 100 सवाल
भर्ती परीक्षा में कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे। हर सही जवाब के लिए एक नंबर निर्धारित किया गया है। तीन गलत जवाब देने पर एक सही जवाब के नंबर काटे जाएंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय सवाल आधारित प्रणाली पर होगी। प्रश्नपत्र में कुल पांच भाग होंगे। सामान्य अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, तर्क क्षमता और गणित के 10-10 और पोस्ट के हिसाब से संबंधित विषय के 40 सवाल होंगे।
इन आठ पदों की भर्ती परीक्षा 14 नवंबर को
- तकनीशियन (रेडियोलॉजी) लेवल-6
- तकनीकी अधिकारी (नेत्र रोग)
- तकनीकी अधिकारी (ईएनटी)
- ओटी सहायक (ओटी) लेवल-5
- तकनीशियन (डायलिसिस)
- फार्मासिस्ट ग्रेड-2 लेवल-5
- कंप्यूटर प्रोग्रामर लेवल-10
- लाइब्रेरियन ग्रेड-2 लेवल-6
इन पदों की भर्ती परीक्षा की तारीख बाद में होगी घोषित
- तकनीकी अधिकारी (मेडिकल परफ्यूज़न) स्तर-7
- तकनीशियन (रेडियोथेरेपी) स्तर-6
- मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट (लैब) स्तर-6
- जूनियर मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट (लैब) स्तर-5
- तकनीशियन (न्यूक्लियर मेडिसिन) स्तर-5
- तकनीशियन ग्रेड-2 (डेंटल) स्तर-4
- मेडिकल सोशल सर्विस ऑफिसर ग्रेड-2 स्तर-6
- रिसेप्शनिस्ट स्तर-5
- सहायक सुरक्षा अधिकारी स्तर-8
इन शहरों में होगी परीक्षा
बरेली, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, नई दिल्ली, प्रयागराज, वाराणसी।