बिनाले के प्रमुख आयोजन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भारत कला भवन, आहिवासी गैलरी, स्वतंत्रता भवन, ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, नमो घाट और पेशवा हवेली सहित शहर के कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर होंगे। भारत कला भवन में 1920 से संरक्षित एक लाख से अधिक कलाकृतियों के संग्रह को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। यहां ‘लाइंस इन द वाटर’ के जरिए दृश्य कला और ‘एक धागा, एक दुनिया : रेशम, जरी और काशी का प्रकाश’ के माध्यम से बनारस की वस्त्र परंपरा को सामने रखा जाएगा। आहिवासी गैलरी में ‘माई रिवर, माई विटनेस’ शीर्षक से फोटोग्राफी प्रदर्शनी होगी।
ज्ञान प्रवाह में प्राचीन काल से 20वीं सदी तक की भारतीय कला को समेटे ‘कलामंडप : द सुरेश नियोटिया कलेक्शन’ और ‘इंडिया स्टोरी : बनारस एडिट’ आकर्षण होंगे। वहीं, 1893 में स्थापित नागरी प्रचारिणी सभा में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी पर केंद्रित प्रदर्शनी और ऐतिहासिक पांडुलिपियों, तस्वीरों तथा अभिलेखों को प्रदर्शित किया जाएगा। पेशवा हवेली में ‘काशी : द इटरनल सिटी’ के जरिए 17वीं से 19वीं सदी के बीच विभिन्न समुदायों के योगदान और काशी की निरंतरता को दिखाया जाएगा।
27 नवंबर से एक दिसंबर तक चलने वाले उद्घाटन सप्ताह में नमो घाट विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां कारीगर पवेलियन, आर्टिजन एडिट और फूड स्ट्रीट के जरिए स्थानीय शिल्पकारों और खानपान की विविधता को मंच मिलेगा। सीआईआई आर्टिजन डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर का उद्घाटन भी होगा। साथ ही बनारस फिल्म फेस्टिवल, हेरिटेज वॉक, संगीत कार्यक्रम और गंगा आरती जैसे आयोजन होंगे।
पंडित राहुल शर्मा की संतूर प्रस्तुति, बनारस घराने की तीन पीढ़ियों से जुड़े कलाकारों का ट्रायो बनारस और कबीर कैफे के अलावा बनारस की संगीत, साहित्य, शिल्प, रामकथा, शिव और जीवनशैली से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसमें ‘इंडिया इंक एंड द फ्यूचर ऑफ आर्ट एंड कल्चर’ भी सत्र होगा, जो उद्योग जगत और कला-संस्कृति के संबंधों पर होगा। सीआईआई के वार्षिक पर्यटन सम्मेलन में पर्यटन स्थलों के विकास और नए आर्थिक अवसरों पर चर्चा होगी। एक दिसंबर को सीआईआई नेशनल काउंसिल के सदस्यों की बैठक भी होगी।
इस आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि विरासत से जुड़ी पहल होंगी। सीआईआई आर्टिजन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के माध्यम से वाराणसी के साथ भदोही, मिर्जापुर, चंदौली और आजमगढ़ में शिल्पकारों के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण केंद्र विकसित किया जाएगा। रोजगार और करियर के लिए सीआईआई मॉडल करियर सेंटर तथा बीएचयू में उद्योग जगत के सहयोग से सीआईआई ई2ईई करियर लाउंज बनेगा। बुनकर समुदाय के लिए वाराणसी हेल्दी वीवर्स इनिशिएटिव शुरू किया जाएगा। इसके तहत पांच हजार बुनकरों और उनके परिवारों को प्राथमिक स्वास्थ्य का लाभ मिलेगा।
बनारस केवल प्राचीन शहर नहीं, बल्कि भारत और उत्तर प्रदेश की जीवंत सभ्यता, रचनात्मकता, उद्यमशीलता और सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। सीआईआई बनारस बिनाले के माध्यम से हमारा प्रयास इस विरासत को वैश्विक मंच से जोड़ने के साथ स्थानीय शिल्पकारों, बुनकरों, युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार करना है। हमारा मानना है कि संस्कृति और उद्योग एक-दूसरे के पूरक हैं। जब पारंपरिक कौशल को आधुनिक डिजाइन, तकनीक, बाजार और रोजगार से जोड़ा जाएगा, तभी इस विरासत को अगली पीढ़ियों तक आर्थिक रूप से मजबूत किया जा सकेगा।