यात्रा का विवरण
यात्रा लखनऊ से शुरू होगी। पहले दिन पर्यटक फर्रुखाबाद पहुंचेंगे, जहां वे नीब करौरी बाबा आश्रम जाएंगे और इसके बाद सांकेसा के लिए रवाना होंगे। यात्रा कार्यक्रम में अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप तथा प्राचीन बौद्ध अवशेष और मठों का भ्रमण भी शामिल है। दूसरे दिन यात्री फिरोजाबाद स्थित अकबरपुर गांव जाएंगे, जो नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली है। इसके बाद वे मथुरा और वृंदावन के लिए रवाना होंगे।
मथुरा के यात्रा कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर शामिल हैं, जबकि शाम को वृंदावन में प्रेम मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। अंतिम दिन वृंदावन में बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान बाबा के समाधि स्थल के साथ बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर की यात्रा शामिल होगी। इसके बाद पर्यटक लखनऊ लौटेंगे।
तीन दिवसीय पैकेज में डबल शेयरिंग के आधार पर वातानुकूलित आवास, होटल में नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, हाई टी, टूर गाइड की सेवाएं और प्रवेश शुल्क शामिल हैं। पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटकों को नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की आरामदायक और गाइडेड यात्रा का अनुभव मिल सके।
उत्तर प्रदेश कनेक्शन से परिचित कराने का प्रयास कर रहे
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने कहा कि बाबा की आध्यात्मिक विरासत व्यापक रूप से जानी जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश से उनका जुड़ाव अभी भी कम लोगों के बीच जाना जाता है। इस पैकेज के माध्यम से हम इस विश्व पर्यटन दिवस पर यात्रियों को बाबा से जुड़े उनके प्रमुख स्थलों की यात्रा कराने और उनके उत्तर प्रदेश कनेक्शन से परिचित कराने का प्रयास कर रहे हैं।
यूपीएसटीडीसी की असिस्टेंट मैनेजर पूजा ने कहा कि हाल ही में नीब करौरी बाबा से जुड़े पांच टूर पैकेज शुरू किए गए थे, जिन्हें लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। रोजाना करीब 150 से 200 फोन कॉल आ रहे थे। खास बात यह रही कि कई लोगों को पहली बार बाबा के उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की जानकारी मिली। लोगों की बढ़ती रुचि और आस्था को देखते हुए विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर विशेष छूट के साथ यह नया टूर पैकेज शुरू करने का फैसला लिया गया है।
इच्छुक यात्री 9149099890 या 8303019844 पर संपर्क करके पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग की जानकारी upstdc.co.in पर भी उपलब्ध है, जबकि किसी भी जानकारी या सवाल के लिए uptourslko@upstdc.co.in पर संपर्क किया जा सकता है।