परिवहन मंत्री ने बताया कि महिला परिचालक पद पर भर्ती के लिए परिवहन निगम द्वारा 15 से 25 जुलाई तक अलग-अलग तिथियों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ एवं गोरखपुर में, 18 जुलाई को गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी में, 22 जुलाई को मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन एवं आजमगढ़, 25 जुलाई को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम, बांदा, प्रयागराज में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। प्रमाणपत्रों का सत्यापन ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को परिचालक पद हेतु स्किल डेवलपमेंट के तहत कौशल विकास मिशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि यदि उनके स्तर से प्रशिक्षण संबंधी कोई कोर्स उपलब्ध न हो, तो परिवहन निगम स्तर से उन्हें प्रशिक्षित किया जायेगा, जिसके व्यय प्रतिपूर्ति की मांग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व कौशल विकास मिशन से की जाएगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से 1800 महिला अभ्यर्थियों का परिचालक के पद पर चयन किया जा चुका है, जिसमें से 1328 महिला अभ्यर्थियों को आबद्ध किया जा चुका है। शेष महिला अभ्यर्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।