आम चुनाव में सपा को पटकनी देने के बाद अब मोदी प्रदेश की सपा सरकार को अपनी खास रणनीति के तहत घेर रहे है। इसके लिए उन्होंने काम करना शुरू कर दिया है।
जी हां, भाजपा ने प्रदेश में बिजली संकट के मुद्दे को लेकर आज शक्ति भवन का घेराव किया और सीधे सीधे प्रदेश सरकार पर हमला किया।
भाजपा के इस कदम से यह स्पष्ट है कि पार्टी स्थानीय समस्याओं को उठाकर प्रदेश में सपा के खिलाफ माहौल बना कर अपने लाभ के बारे में सोंच रही है।
किया विरोध प्रदर्शन
राजधानी में बिजली संकट के विरोध में भाजपाई सड़क पर उतर आए। भाजपाइयों ने विधान सभा मार्ग स्थित मुख्यालय से जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर शक्ति भवन का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली के अभाव में ट्यूबवेल शो पीस बन चुके हैं और सिंचाई न होने से फसलें सूख रहीं हैं।
भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर के अध्यक्ष मनोहर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपाई पार्टी मुख्यालय पर एकत्र हुये और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए शक्ति भवन पहुंचे।
भाजपा ने लगाए आरोप
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आरोप लगाए हैं कि चुनाव में करारी हार झेलने के बाद अखिलेश सरकार जनता से खुन्नस निकाल रही है।
गौरतलब है कि आम चुनाव में प्रदेश में भाजपा को भारी जीत हासिल हुई जबकि सपा मात्र पांच सीटों पर ही सिमट कर रह गई।
वहीं विश्लेषक मानते हैं कि भाजपा बिजली, पानी जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार का घेराव कर रही है, जिससे कि सपा के खिलाफ माहौल बना कर 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में इसका लाभ उठाया जा सके।
बिजली का घोर अभाव
शक्ति भवन गेट पर यह प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि लखनऊ में बिजली का घोर संकट है।
जनता इस भीषण गर्मी में बिजली के अभाव में त्राहि-त्राहि कर रही है। अनेक क्षेत्रों में लो वॉल्टेज की शिकायतें हैं।
जिसके कारण घरेलू विद्युत उपकरण तथा ट्यूबवेल नही चल पा रहे है। जगह जगह ट्रांसफार्मर जल रहे हैं और उसको बदलने के लिए नये ट्रांसफार्मर का अभाव है।
कर्मचारियों की भी कमी
विद्युत में खराबी ठीक करने के लिये कर्मचारियों की भी कमी है। विद्युत संकट के कारण जनता में आक्रोश व्याप्त है, जिससे जगह-जगह पर धरना और प्रदर्शन हो रहे है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में पावर कॉर्पोरेशन के एमडी एपी मिश्रा से मुलाकात की। एमडी ने कहा कि बिजली समस्या को दूर कर लिया जाएगा।
प्रदर्शन में चंद्र मोहन, मनीष शुक्ला, पूर्व सांसद रामनारायण साहू, पूर्व विधायक सुरेश श्रीवास्तव, विद्यासागर गुप्ता, महामंत्री राकेश श्रीवास्तव, अनुराग मिश्रा अन्नू, मुकेश शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।