चारबाग रेलवे स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर बगैर मास्क आने वाले यात्रियों की खैर नहीं। रेलवे प्रशासन अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। बगैर मास्क दिखने वाले यात्रियों से सौ रुपये जुर्माना लिया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन के प्रवेशद्वार पर यात्रियों के लिए मार्केट रेट पर मास्क बेचे जाएंगे।
दरअसल, दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब व दक्षिण के राज्यों में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। ऐसे में इन राज्यों से लखनऊ आने वाली गाड़ियों से बड़ी संख्या में पैसेंजर चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। चारबाग रेलवे स्टेशन पर अभी 72 मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिससे हजारों की संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। ऐसे ही लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 15 से अधिक ट्रेनों की आवाजाही है।
इसमें लखनऊ मेल, पुष्पक एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, तेजस जैसी गाड़ियां प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्री कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में उन्हें जागरुक करने के साथ-साथ जुर्माने की व्यवस्था भी की जा रही है। चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन प्रशासन की अेार से स्टेशनों पर औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। जो यात्री बगैर मास्क नजर आ रहे हैं, उन्हें जागरुक किया जा रहा है। यह व्यवस्था एनाउंसमेंट द्वारा भी की गई है। बावजूद इसके यात्री मान नहीं रहे हैं। ऐसे में बगैर मास्क दिखने वाले यात्रियों पर सौ रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उनकेलिए मास्क की व्यवस्था प्रवेश द्वारों पर की जाएगी, जो मार्केट रेट पर ही मिलेंगे।