फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: दिवाली पर पूरे प्रदेश के अस्पताल अलर्ट मोड पर, दुर्घटना या जलने पर सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

Sat, 07 Nov 2026 08:33 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

Diwali in UP: दीपावली पर प्रदेश के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। अस्पतालों में बेड के आरक्षण के साथ बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए गए हैं।
 
विज्ञापन
दिवाली पर अलर्ट मोड में रहेंगे अस्पताल। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दीपावली पर प्रदेश के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेजों से लेकर जिला व मंडलीय अस्पतालों की इमरजेंसी में झुलसने पर मरीजों की दी जाने वाली दवाएं एवं अन्य सामग्री रखने के निर्देश दिए गए हैं। झुलसने वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जरूरत के हिसाब से ट्रामा सेंटर रेफर किया जाएगा।

विज्ञापन


उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि सभी मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में इमरजेंसी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। जिला अस्पतालों की इमरजेंसी में 10 से 15 अतिरिक्त बेड लगाए गए हैं। इसी तरह मेडिकल कॉलेजों में प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ी सभी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। मरीजों को उपचार देने के बाद जरूरत के हिसाब से सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के लिए केजीएमयू या पीजीआई रेफर किया जाएगा। यह भी निर्देश दिया गया है कि जिन मरीजों को मेडिकल कॉलेज में उपचार मिल सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से केजीएमयू, एसजीपीजीआई या लोहिया संस्थान रेफर न किया जाए।

पटाखे से जलने पर डायल करें 108
 दिवाली के मौके पर किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए प्रदेश की 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। एम्बुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ने सभी एम्बुलेंसों को मुस्तैद रहने और आवश्यकता पड़ने पर जल्द से जल्द पीड़ित तक जीवनरक्षक सेवा पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए हैं। कोई भी व्यक्ति आपात स्थिति में 108 नंबर पर कॉल करके इस निःशुल्क सेवा का लाभ ले सकता है।
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश में 108 एवं 102 एम्बुलेंस का संचालन करने वाली संस्था ईएमआरआई के प्रेसिडेंट टीवीएसके रेड्डी ने बताया कि दिवाली पर 108 सेवा की सभी 2,200 एम्बुलेंस 24 घंटे तैयार रहेंगी। पुलिस व प्रशासन के सहयोग से एम्बुलेंसों को ऐसी ''हॉटस्पॉट'' (दुर्घना बहुल स्थल)पर खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां से घटना की सूचना मिलने पर वे जल्द से जल्द मरीजों तक पहुंच सकें। सभी एम्बुलेंसों में जीवनरक्षक दवाओं की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। दीपावली के दौरान सड़क दुर्घटना, पटाखों से जलने, हार्ट अटैक, सांस लेने में तकलीफ या अन्य किसी भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत 108 डायल करें। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल स्टाफ (ईएमटी) और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचेगी और मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाएगी।

Trending Videos

जलने पर क्या करें?

दिवाली पर पटाखों या दीयों से जलने का खतरा बना रहता है। ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के ईएमएलसी हेड डॉ. दाउद हुसामी ने बताया कि पटाखों या अन्य कारण से जलने पर प्रभावित अंग पर सादा या नल का पानी लगातार 15 मिनट तक डालें। आइस या बर्फ का इस्तेमाल न करें। जले हुए हिस्से पर कोई पट्टी या कसकर कपड़ा न बांधें; बस उसे किसी साफ और हल्के कपड़े से कवर कर लें। जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट, हल्दी, नमक, स्याही या अन्य किसी भी घरेलू वस्तु का लेप हरगिज न लगाएं। पटाखें या अन्य कारण से जलने पर तुरंत 108 पर कॉल करें और अस्पताल जाकर डॉक्टर से इलाज कराएं।

महिलाओं व बच्चों के लिए 102 एम्बुलेंस
त्योहार के दौरान भी गर्भवती महिलाओं और 2 साल तक के बच्चों के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा निर्बाध रूप से 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रदेश सरकार द्वारा 102 सेवा की कुल 2,270 एम्बुलेंस निःशुल्क संचालित की जा रही हैं। दोनों ही सेवाएं प्रदेश सरकार की ओर से सभी के नि:शुल्क संचालित की जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर 102 या 108 पर कॉल करके नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है।

इन समस्याओं के लिए तुरंत डायल करें 108 :
पटाखों से या किसी अन्य कारण से जलने पर।
सड़क दुर्घटना या अन्य चोट लगने पर।
अचानक सीने में दर्द या हार्ट अटैक आने पर।
सांस लेने में तकलीफ होने पर।
पेट दर्द या अन्य कोई परेशानी होने पर।
अचानक तेज बुखार होने या बेहोश होकर गिरने पर।
जानवरों (कुत्ते/सांप आदि) के काटने पर।
कोई अन्य इमरजेंसी होने पर।

दिवाली को लेकर संस्थान-अस्पतालों में 100 बेड आरक्षित

दिवाली पर पटाखों से होने वाले हादसों से निपटने के लिए अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। केजीएमयू, लोहिया संस्थान, बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु समेत प्रमुख सरकारी अस्पतालों में करीब 100 बेड आरक्षित किए गए हैं। इमरजेंसी में 24 घंटे इलाज मुहैया कराने के लिए डॉक्टरों से लेकर नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ तक की ड्यूटी लगाई गई है। आईसीयू और बर्न यूनिट में बेड रिजर्व किए गए हैं।

पटाखे जलाने के दौरान जलने, आंखों में चोट, हाथ-पैर में गंभीर जख्म और सड़क हादसों के मरीजों को देखते हुए अस्पतालों ने विशेष तैयारियां की हैं। प्लास्टिक सर्जरी, जनरल सर्जरी, हड्डी रोग, ईएनटी, नेत्र रोग और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी के मुताबिक, इमरजेंसी में 24 घंटे मरीजों को इलाज मुहैया कराया जाएगा। जनरल सर्जन, मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र रोग समेत दूसरे विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ को भी तैनात कर दिया गया है। 

इमरजेंसी में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि दिवाली पर हादसों से निपटने के लिए 25 बेड रिजर्व किए गए हैं। प्लास्टिक सर्जन, हड्डी रोग, जनरल सर्जरी समेत दूसरे जरूरी विभागों के डॉक्टरों की ऑनकॉल ड्यूटी लगाई गई है। गंभीर मरीजों को भर्ती करने और इलाज मुहैया कराने में किसी तरह की अड़चन न आए, इसके लिए सभी जरूरी जांचों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. भुवन चन्द्र तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। दिल, सर्जरी, मेडिसिन, ईएनटी और गायनी समेत दूसरे विभागों के डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ को भी मुस्तैद किया गया है। अनहोनी की स्थिति में घायलों को तत्काल इलाज मुहैया कराया जाएगा।
विज्ञापन

दिवाली के लिए दमकल विभाग तैयार, 46 गाड़ियां तैनात

अलर्ट मोड पर दमकल की गाड़ियां। - फोटो : Archive
 दमकल विभाग ने दिवाली के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा के लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है। आग की घटनाओं से निपटने के लिए मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल और 46 दमकल गाड़ियां तैयार हैं। बड़ी संख्या में कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं।
सीएफओ अंकुश मित्तल के अनुसार बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और बस्तियों के करीब 30 स्थानों पर दमकल की गाड़ियां खड़ी की गई हैं। प्रत्येक दमकल पर चार जवान तैनात हैं, जबकि अन्य को रिजर्व में रखा गया है। सभी नौ फायर स्टेशनों के एफएसओ को अलर्ट पर रखा गया है। आग की सूचना मिलते ही गाड़ी तत्काल मौके पर रवाना की जाएगी। विभाग दमकल मार्गों को जाम मुक्त रखने की व्यवस्था भी कर रहा है। यदि मार्ग में कोई बाधा न हो तो दमकल पांच से 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाएगी।

आगजनी होने पर इन फायर स्टेशन पर करें संपर्क
फायर स्टेशन हजरतगंज - 9454418642
फायर स्टेशन चौक - 9454418644
फायर स्टेशन पीजीआई - 9454418646
फायर स्टेशन आलमबाग - 9454418648
फायर स्टेशन इंदिरा नगर -9454418650
फायर स्टेशन बीकेटी- 9454418652
फायर स्टेशन सरोजनीनगर - 9454418656
फायर स्टेशन गोमती नगर - 9454418658
फायर स्टेशन गोसाईगंज - 7839861686



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें