UP Home Guard Recruitmen: अभ्यर्थियों को मेडिकल बोर्ड की ओर से होने वाली सभी जांचों में सहयोग करना होगा। मेडिकल में अनफिट पाए जाने पर उसी दिन निर्धारित प्रारूप में मंडलीय चिकित्सा परिषद के समक्ष अपील की जा सकेगी
होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया 12 अक्तूबर से शुरू होगी। संबंधित जिले की पुलिस लाइन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों प्रक्रियाएं कराई जाएंगी। अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे संबंधित जिले की पुलिस लाइन में उपस्थित होना होगा।
विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक अभ्यर्थियों को जिला कमांडेंट होमगार्ड की ओर से जारी पत्र के साथ सभी मूल प्रमाणपत्र और अभिलेख लाने होंगे। इसके अलावा कम से कम 10 पासपोर्ट साइज की नई फोटो भी साथ रखनी होगी। चरित्र सत्यापन के लिए निर्धारित प्रारूप में आवश्यक चरित्र प्रमाणपत्र और 10 रुपये के स्टांप पेपर पर नोटरी से सत्यापित शपथपत्र भी तैयार रखना होगा। पुलिस लाइन पहुंचने पर पहचान सत्यापन, उपस्थिति, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों को मेडिकल बोर्ड की ओर से होने वाली सभी जांचों में सहयोग करना होगा। मेडिकल में अनफिट पाए जाने पर उसी दिन निर्धारित प्रारूप में मंडलीय चिकित्सा परिषद के समक्ष अपील की जा सकेगी। फिट पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को चरित्र सत्यापन के लिए सभी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अभ्यर्थियों को अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमे, लंबित जांच, दोषसिद्धि या किसी अन्य महत्वपूर्ण तथ्य की सही जानकारी देनी होगी। विभागीय अधिकारियों और चिकित्सा बोर्ड के निर्देशों का पालन करना भी अनिवार्य होगा। चिकित्सा परीक्षा और चरित्र सत्यापन से जुड़ी किसी सूचना के लिए केवल अधिकृत विभागीय माध्यमों पर उपलब्ध जानकारी को ही प्रमाणिक माना जाएगा।