समाज कल्याण विभाग पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग कार्यक्रम शुरू कर रहा है। यह विशेष प्रशिक्षण सत्र गोमतीनगर के भागीदारी भवन स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान में संचालित होगा।
भागीदारी भवन के संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि यह सुविधा सिर्फ पुरुष अभ्यर्थियों के लिए है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक न हो और जो यूपीपीसीए प्रारंभिक परीक्षा-2025 में उत्तीर्ण हों, उन्हें लेटरल एंट्री से कोचिंग में प्रवेश मिलेगा।
मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित होने तक कोचिंग सत्र नियमित चलेगा। आवेदन के समय प्रारंभिक परीक्षा का प्रमाणपत्र, जाति व आय प्रमाणपत्र और शैक्षिक प्रमाणपत्रों की प्रतियां जमा करनी होंगी। 2000 रुपये की कॉशन मनी जमा कर संस्थान में प्रवेश लिया जा सकेगा। दस्तावेजों की जांच के बाद प्रवेश प्रदान किया जाएगा। सत्र के दौरान अभ्यर्थियों को हॉस्टल, भोजन और लाइब्रेरी की निशुल्क सुविधा दी जाएगी। साथ ही विषय विशेषज्ञों की नियमित कक्षाएं, मुख्य परीक्षा केंद्रित उत्तर लेखन अभ्यास, मॉडल टेस्ट, परीक्षा पैटर्न आधारित विशेष सत्र और आवश्यक अध्ययन-सामग्री भी दी जाएगी।