प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्रों में।
राजधानी में रविवार को दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। इसकी वजह से धूप की तल्खी कम और माैसम में नरमी बनी रही। हालांकि अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज हुई। दोपहर में लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। देर शाम तेज बारिश हुई और चिनहट व सीतापुर रोड पर 51 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं राजभवन के पास 23 मिलीमीटर बारिश हुई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को भी बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। बूंदाबांदी के साथ बारिश की भी संभावना है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री की बढ़त के साथ 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी में रविवार शाम हुई करीब एक घंटे की तेज बारिश में ही कई इलाकों में सड़कें लबालब हो गईं। जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इंदिरा नगर इलाके के शिवाजीपुरम में सीवर और नाला चोक होने से गंदा पानी लोगों के घरों में भर गया।
इंदिरा नगर के अलावा अलीगंज, खदरा, आशियाना, इस्माइलगंज आदि इलाकों में जल निकास सिस्टम चोक होने से सड़कों पर दो-दो फीट तक पानी भर गया है। एलडीए कॉलोनी में नाले चोक होने से एक घंटे की बारिश में सड़कें लबालब हो गईं। इंदिरा नगर सेक्टर -17 में सब्जी मंडी वाली रोड पर चोक नालों और उन पर अतिक्रमण होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई गाड़ियां भी पानी के बीच बंद हो गईं।