Weather In UP: प्रदेश में बूंदाबांदी का दौर थमते ही पारे का चढ़ना शुरू हो गया है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिली। सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर रही, लेकिन दोपहर में तपिश ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों में कई इलाकों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मार्च का आखिरी हफ्ता तपिश भरा रहेगा। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक ये तपिश गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों में ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
राहत के आसार नहीं, अब सिर चढ़ेगी गर्मी
राजधानी में सोमवार को दिन के तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई। सुबह और शाम की हवा में हल्की ठंड घुली रही, लेकिन दोपहर में गर्माहट महसूस की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 27 मार्च तक दिन व रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। तापमान में तीन से पांच डिग्री बढ़त हो सकती है। अगले दस दिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, 28 मार्च से तेज रफ्तार पछुआ हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि 27 मार्च तक लखनऊ के दिन व रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी आएगी। 28 मार्च से तेज रफ्तार पछुआ चलेगी। इसके असर से तात्कालिक तौर पर तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 33.9 डिग्री सेल्सियस तो वहीं रात के पारे में 0.1 डिग्री की मामूली बढ़त के साथ 16 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।