पूर्वांचल में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाएं चलने और बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वाराणसी और गाजीपुर में ओलावृष्टि हुई। चंदौली, जौनपुर और सोनभद्र में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, जाैनपुर में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई। किसानों के अनुसार, करीब 50% आम की फसल बर्बाद हो गई।
रविवार की सुबह से बादलों की आवाजाही और हवा चलने के बाद दोपहर में आंधी, बारिश से मौसम बदल गया। वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में आंधी से पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं। ओलावृष्टि भी हुई।
जौनपुर में दोपहर में 50 मिनट तक की बारिश हुई। मछलीशहर के भाटाडीह गांव में बिजली गिरने से शीला देवी (35) की मौत हो गई। गांव पुराफगुई ताजुद्दीनपुर के उमाशंकर (12) और ज्योति (17) भी झुलस गए। खानकाह कला गांव की प्रेमादेवी (42) की दीवार गिरने से माैत हो गई। चंदौली के बरबसपुर गांव में बिजली गिरने से 17 वर्षीय हिना बानो की मौत हो गई। नौगढ़ में बिजली गिरने से दो भैंस मर गईं।
इसी तरह सोनभद्र के पचपेड़िया गांव के कमलेश पांडेय (50) पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। गाजीपुर में करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई। आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए। भदोही और मिर्जापुर में आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। बलिया में भी शाम को बादल छाए रहे।बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव होता रहेगा। बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।
सीएम योगी ने दिए निर्देश।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि के दृष्टिगत संबंधित जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नजर रखें। आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें। घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। अधिकारी सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए आख्या शासन को भेजें, ताकि इस बाबत आगे की कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि जल जमाव की स्थिति होने पर प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।