फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: राज्य कर विभाग के 200 अधिकारियों की ईमानदारी पर प्रमुख सचिव ने उठाए सवाल, सभी को किया फेल

Tue, 24 Nov 2026 12:24 PM IST
Akash Dwivedi अभिषेक गुप्ता, लखनऊ

सार

उत्तर प्रदेश के राज्य कर विभाग में करीब 200 अधिकारियों की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट में ग्रेडिंग घटाने का मामला विवादों में है। प्रमुख सचिव नियुक्ति ने कई अधिकारियों की सत्यनिष्ठा संदिग्ध बताते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। अधिकारी संगठनों ने बिना स्पष्टीकरण का अवसर दिए ऐसी टिप्पणी करने पर आपत्ति जताई है।
विज्ञापन
यूपी में बड़ी जीएसटी चोरी - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राज्य कर विभाग में अधिकारियों के वार्षिक निष्पादन मूल्यांकन (एपीएआर) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एसेसिंग ऑफिसर और रिव्यू ऑफिसर की ओर से अच्छे अंक दिए जाने के बावजूद प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज ने करीब 200 अधिकारियों को फेल कर दिया। प्रमुख सचिव ने उनकी ग्रेडिंग बेहद कम करने के साथ ही सत्यनिष्ठा को भी संदिग्ध करार दिया है। राज्य कर विभाग में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अधिकारियों कैरियर खतरे में पड़ा है।

 

विज्ञापन
Trending Videos

विपरीत प्रतिकूल प्रविष्टि दी

वर्ष 24-25 में 75 से अधिक तथा 25-26 में 120 से अधिक उपायुक्त, संयुक्त आयुक्त एवं अपर आयुक्त स्तर के अधिकारियों को समीक्षक के मत के विपरीत प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। प्रमुख सचिव नियुक्ति ने अधिकारियों की एपीएआर में एसेसिंग और रिव्यू अधिकारियों की ओर से दी गई ग्रेडिंग से असहमति जताते हुए अंतिम अंक अपनी ओर से निर्धारित किए। 

एक अधिकारी को एसेसिंग ऑफिसर ने 10 और रिव्यू ऑफिसर ने 9 अंक दिए, लेकिन प्रमुख सचिव ने 3.90 कर दिए इसी तरह दूसरे अधिकारी को दोनों स्तरों पर 10 और 9.02 अंक मिले, लेकिन अंतिम ग्रेडिंग 1.50 कर दी गई। एक अन्य को 9 और 8.02 अंक के बावजूद 1.50 अंक दिए गए। चौथे मामले में 8.51 अंक को घटाकर 3.50 कर दिया गया। 

इसी तरह अपर आयुक्त महेन्द्र विक्रम सिंह, संजय सिंह भदौरिया, ज्योति स्वरूप शुक्ला, विजयानंद पांडेय, हरीलाल प्रजापति, पंकज सिंह, श्वेता सिंह तोमर, डीएस गौतम सुभाष चंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह, संजय कुशवाहा और उपायुक्त प्रभास कुमार सहित दर्जनों अधिकारियों पर गंभीर टिप्पणी करते हुए फेल किया गया।

 

अधिकारी प्रवर्तन कार्यों में बिल्कुल प्रभावी नहीं

प्रमुख सचिव ने बेहद तीखी टिप्पणियां भी की हैं। कई मामलों में लिखा गया है कि संबंधित अधिकारियों को रिपोर्टिंग और रिव्यू अधिकारियों ने जरूरत से ज्यादा अंक दिए हैं और उनकी सत्यनिष्ठा संदिग्ध है। एक मामले में तो टिप्पणी की गई है कि अधिकारी प्रवर्तन कार्यों में बिल्कुल प्रभावी नहीं रहे।

इन टिप्पणियों ने अधिकारियों की कार्यक्षमता के साथ उनकी ईमानदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एपीएआर में सत्यनिष्ठा संदिग्ध दर्ज होने से अधिकारियों के करियर पर गंभीर असर पड़ सकता है। पदोन्नति, वेतनवृद्धि और महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती के रास्ते प्रभावित हो सकते हैं।

जीएसटी ऑफिसर्स सर्विस एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सिंह विसेन और महामंत्री मनोज कुमार मिश्र ने इस पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि किसी अधिकारी की सत्यनिष्ठा को संदिग्ध करार देने से पहले उसे नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगना चाहिए था। अधिकारी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिए बिना इस तरह की टिप्पणी करना उसके पूरे सेवाकाल और प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है।
विज्ञापन

खराब एपीएआर से ऐसे चौपट होगा करियर

  • पदोन्नति के लिए निर्धारित बेंचमार्क ''वेरी गुड'' यानी 6 अंक या उससे अधिक जरूरी होते हैं। इससे कम ग्रेडिंग पदोन्नति की संभावनाओं को प्रभावित कर सकती है।
  • 10, 20 और 30 वर्ष पर मिलने वाले एमएसीपी लाभ के लिए भी अच्छी एपीएआर महत्वपूर्ण है।
  • खराब रिकॉर्ड होने पर संवेदनशील और महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती की संभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
  • केंद्रीय प्रतिनियुक्ति और प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
  • लगातार खराब सेवा रिकॉर्ड होने पर नियमों के तहत अनिवार्य सेवानिवृत्ति की समीक्षा हो सकती है।
  • सत्यनिष्ठा संदिग्ध दर्ज होने से अधिकारी की विभागीय साख और भविष्य की जिम्मेदारियां प्रभावित हो सकती हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें