यूपी सरकार जाति के एजेंडे को विकास और राष्ट्रवाद से काउंटर करेगी। सीएम योगी ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक में कहा कि प्रभारी मंत्री जिलों में रात्रि विश्राम करें। स्थानीय मुद्दों की रिपोर्ट सीएम कार्यालय भेजें।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक में कहा कि वह जिलों में जाकर सरकार और संगठन की उपलब्धियां बताएं। डीएम और एसपी के साथ बैठकें कर स्थानीय मुद्दों का निस्तारण कराएं और मुख्यमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट भेजें।
विज्ञापन
कोर कमेटी के साथ बैठक करके जनसमस्याओं के निस्तारण के कदम भी उठाएं। उन्होंने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों से रात्रि विश्राम करने को भी कहा। कहा कि विपक्ष के जाति के एजेंडे को विकास और राष्ट्रवाद के जरिये काउंटर करना होगा।
सीएम ने मंत्रिमंडल के सदस्यों से कहा कि उनका फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, कृषि सेक्टर पर रहे। जिलों को जो धनराशि शासन द्वारा दी जाती है, उसका पूरी तरह उपयोग होना सुनिश्चित कराया जाए। आमजन को विकसित भारत-विकसित यूपी के बारे में जानकारी दें और उनके सुझाव लें। प्रदेश को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए जिलों में भी बैठकें आयोजित की जाएं।
विज्ञापन
हर जिले का एक वर्ष और पांच वर्ष की विकास की कार्ययोजना तैयार करने के साथ उसे अमल में लाने की कवायद की जाए। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी निगरानी कमेटी के निर्देशों के मुताबिक जिलों मे कार्य कराए जाएं, ताकि कोई भी जिला विकास में पीछे न रहे। इस दौरान मॉनीटरिंग का भी विशेष ध्यान रखा जाए। लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताने के साथ लाभांवित कराने के कदम भी उठाए जाएं।