पुलिस विभाग 16 जिलों में 30 थानों में आवासीय भवन व 12 जिलों में 45 हॉस्टल बनवाएगा। इसके लिए शासन ने 39.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि को संबंधित जिलों को जारी करने के लिए इलाहाबाद स्थित पुलिस मुख्यालय को निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पंडा ने बताया कि इटावा जिले के सैफई, अलीगढ़ के बरला व लोधा, फीरोजाबाद के फरिहा व मक्खनपुर, हाथरस के मुरसान, बदायूं के जरीफनगर व मुजरिया, बिजनौर के रेहड़ व स्योहरा, फतेहपुर के गाजीपुर, किसुनपुर व असोथर तथा जालौन के रेढर थानों में यह आवासीय भवन बनाए जाएंगे।
साथ ही सीतापुर के थाना रामकोट व मकनपुर, हरदोई के थाना बघौली व पाली, कासगंज के थाना पटियाली व ढोलना, सिद्धार्थनगर के थाना डुमरियागंज व त्रिलोकपुर, कन्नौज के थाना तिरवा तथा महाराजगंज के थाना पुरंदरपुर व नौतनवां में यह आवास बनवाए जाएंगे।
इसके अलावा भदोही के थाना ऊंज व गोपीगंज तथा गाजीपुर के थाना बड़ेसर व सरदह में भी विभिन्न श्रेणी के आवासीय भवन निर्मित कराए जाएंगे।
हर मुख्यालय को दिये 12 करोड़ 61 लाख
वहीं, पंडा ने बताया कि पुलिस कर्मियों को थाने पर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 12 और जनपदों में हास्टल बनवाने के लिए शासन ने 12 करोड़ 61 लाख 77 हजार रुपये पुलिस मुख्यालय को दिए हैं। इससे पूर्व प्रदेश के 10 जिलों के 45 थानों पर हास्टल बनवाने के लिए शासन 12.72 करोड़ रुपये जारी कर चुका है।
यहां बनेंगे हॉस्टल
प्रमुख सचिव ने बताया कि मिर्जापुर के थाना कोतवाली देहात, पड़री, हलिया, अदलाहट, अहरौरा, लालगंज व थाना मड़िहान और गाजीपुर के थाना नोनहरा, जमनिया व सुहवल में हॉस्टल बनवाया जाएगा। साथ ही जौनपुर के थाना बदलापुर, सरपतहा, केराकत व खेतासराय, चंदौली के थाना चकिया, चंदौली व सैयदराजा तथा मऊ के थाना कोतवाली में भी हॉस्टल बनवाए जाएंगे। जबकि गोरखपुर के थाना बांसगांव, कैम्पियरगंज, चौरीचौरा, गोला व खजनी, सिद्धार्थनगर के थाना नवगढ़, डेबरुआ, चिल्हिया, डुमरियागंज व पथरा बाजार, कुशीनगर के थाना अहिरौली, महाराजगंज के थाना कोतवाली, निचलौल, फरैंदा, कोठीभार व सोहगीबरवा, संतरविदासनगर जिले के चौरी, संतकबीरनगर के थाना बखिरा, घनघटा, मेंहदावल थाने तथा फीरोजाबाद के बसई, पचोखरा, नारखी, मठसेना, एका, जसराना व टूंडला थाने में भी हॉस्टल बनवाये जायेंगे।