प्रदेश कैबिनेट ने किसानों से गेहूं खरीद की नीति को मंजूरी दे दी है। प्रदेश सरकार किसानों से केंद्र सरकार के समर्थन मूल्य 1925 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से गेहूं खरीदने का फैसला किया है।
फिलहाल राज्य की ओर से किसानों को 20 रुपये प्रति कुंतल दी जाने वाली उतराई व छनाई पर अभी कोई फैसला नहीं हो पाया है। गेहूं की खरीद एक अप्रैल से 15 जून 2020 तक होगी।
राज्य सरकार केप्रवक्ता व एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बताया कि कैबिनेट ने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी किसानों से 55 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का फैसला किया है। किसानों के गेहूं मूल्य का भुगतान ई-पेमेंट के जरिए उनके बैंक एकाउंट में होगा। मंत्री ने बताया कि एफसीआई सहित सभी एजेंसियों का खरीद लक्ष्य तय किया गया है।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसानों को इस बार 20 रुपये प्रति कुंतल छनाई व उतराई देने को लेकर फैसला नहीं हो पाया है। केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्य से अधिक कीमत देने के लिए मंजूरी लेने की शर्त लगा दी है। सरकार केंद्र से अनुमति लेने के बाद ही इस संबंध में कार्यवाही कर सकेगी। फिलहाल गेहूं की खरीद 1925 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से ही होगा।