भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टेंडर कार्यों में अनियमितता के आरोप में एमएम हुसैन तत्कालीन अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लखनऊ परिमंडल (संप्रति कानपुर परिमंडल) को निलंबित कर दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके इस कार्रवाई की जानकारी दी है।
अधीक्षण अभियंता एमएम हुसैन पर आरोप है कि लखनऊ व हरदोई में करीब आधा दर्जन निर्माण कार्यों के लिए निविदा आवंटन में अनियमितता की गई। ज्यादातर काम सड़क निर्माण से जुड़े हुए थे।
यही नहीं, टेंडर में नियमों की अवहेलना होने की आपत्तियों का भी संज्ञान नहीं लिया और नियमों को दरकिनार कर टेंडर आवंटन कर दिया।
विभागीय जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। इसके बाद अब मुख्यमंत्री ने अधीक्षण अभियंता हुसैन को निलंबित करने का आदेश दिया है।