मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक तरफ हमें कोविड को लेकर सतर्कता बरतनी होगी तो दूसरी तरफ भिविष्यय में आने वाली तीसरी लहर से निपटने के लिए भी तैयार रहना होगा।। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में पीआईसीयू और एनआईसीयू का कार्य जल्द से जल्द पूरा करा लिया जाए। वह बुधवार को टीम ने की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोविड संक्रमण से बचाव एवं उपचार की व्यवस्था को हर स्तर पर मुकम्मल किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ नीति कोरोना संक्रमण की रोकथाम में अत्यन्त कारगर सिद्ध हुई है। इस नीति को पूरी सक्रियता से लागू रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना टीकाकरण कार्य में और तेजी लाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के प्रसार को रोकने में वैक्सीनेशन एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। इसलिए कोविड टीकाकरण के प्रति लोगों को सतत जागरूक किया जाए। बैठक में अवगत कराया गया कि गत 20 जुलाई तक प्रदेश में 04 करोड़ 15 लाख 60 हजार 132 वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन-1076 के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों से संवाद की व्यवस्था की जाए। सीएम हेल्प लाइन द्वारा प्रतिदिन कम से कम 100 वृद्धजन को फोन कर उनके स्वास्थ्य के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जाए, अन्य जरूरतों के बारे में पूछा जाए और उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए।
स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन का कार्य पूरी गति से संचालित किया जाए। इसके साथ ही, फॉगिंग व एन्टी लार्वा स्प्रे का भी छिड़काव किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दृष्टिगत नदियों के जल स्तर की सतत मॉनीटरिंग की जाए। एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। सभी गो आश्रय स्थलों मे सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।