मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने की मुहिम की स्वयं अगुवाई करेंगे। पहले चरण में लॉकडाउन के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनकी कई देशों के राजदूतों के साथ सामूहिक संवाद की योजना है। इसके बाद वन-टू-वन मुलाकात कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हाल में ही यूपी में विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करने के मकसद से एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसमें में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, निवेश, निर्यात संवर्धन तथा लघु और मध्यम उद्यम मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार तथा प्रमुख सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल जैसे वरिष्ठ अफसर शामिल हैं।
इस टास्क फोर्स का गठन उन कंपनियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जो चीन से बाहर अपना सेटअप शिफ्ट करना चाहती हैं। टास्क फोर्स ने अमेरिका, दक्षिण कोरिया, जापान, थाईलैंड और यूरोपीय संघ को अपने एजेंडे में सबसे ऊपर रखा है। इस संबंध में कार्यवाही शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री को सुझाव दिया गया कि बेहतर रेस्पांस मिलने वाले राजदूतों से संवाद की अगुवाई वे स्वयं करें। इसका अच्छा मैसेज जाएगा। इस संबंध में तैयारी शुरू हो गई है।