पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर यूपी सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। बता दें कि भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का देर शाम सोमवार को निधन हो गया। वे 84 साल के थे और 10 अगस्त 2020 से ही राजधानी दिल्ली के सेना के रिसर्च एवं रेफरल अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। मस्तिष्क की सफल सर्जरी के बाद उनके फेफड़े में संक्रमण फैल गया था। वे काफी समय से जीवन रक्षा प्रणाली पर थे।
भारत रत्न प्रणब मुखर्जी के निधन पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित प्रमुख हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न प्रणब मुखर्जी का निधन राष्ट्र की अपूरणीय क्षति है। वह सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता एवं स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति थे।
उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रणब मुखर्जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व के धनी प्रणब मुखर्जी को आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ के रूप में प्रसिद्धि प्राप्त थी। उन्होंने देश के 13वें राष्ट्रपति के रूप में अनेक ऐतिहासिक एवं नीतिगत निर्णय लिए। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे महान व्यक्ति का निधन वास्तव में देश के आर्थिक एवं राजनैतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर शोक जताया है। अपने शोक संदेश में कहा कि देश की जानी-मानी राजनीतिक हस्तियों में एक पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के इलाज के दौरान निधन की खबर अति दुखद है।