होली पर परीक्षा कार्य में लगे शिक्षक फंसे
यूपी बोर्ड परीक्षा में स्ट्रांग रूम और केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी निभा रहे शिक्षक व प्रधानाध्यापक होली पर घर जाने को लेकर असमंजस में हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव द्वारा जारी सख्त आदेश के बाद जिलों में शिक्षकों को रिलीव नहीं किया जा रहा है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी संबंधित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। संयुक्त व अपर शिक्षा निदेशक भी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। उल्लंघन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निर्देश में अवकाश अवधि में भी स्ट्रांग रूम की सतत निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण, सुरक्षा, गोपनीयता और सीसीटीवी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय संरक्षक रामेश्वर पांडेय व प्रांतीय महामंत्री अरुण यादव ने इसका विरोध करते हुए कहा कि 1 से 8 मार्च तक परीक्षा नहीं है, इसलिए शिक्षकों को होली अवकाश में गृह जनपद जाने की अनुमति मिलनी चाहिए।
योगी बोले- माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली, रमजान व ईद समेत आने वाले त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाए। जो भी ऐसी हिमाकत करे उस पर जो कार्रवाई हो वह नजीर बननी चाहिए, जिससे उनको सबक मिले और भविष्य में वह ऐसा करने की सोच भी न सकें। सौहार्द बिगाड़ने जैसी यदि कोई वारदात हुई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। सीएम त्योहारों के मद्देनजर शनिवार रात कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश दिए।
लाउडस्पीकर हटवाएं, सोशल मीडिया की करें निगरानी
सीएम ने कहा कि कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकरों को हटाया जाए। अब भी कई धर्मस्थलों पर ऐसे लाउडस्पीकर लगे हुए हैं, जिन्हें संवाद और समन्वय के माध्यम से हटाया जाना चाहिए ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। वहीं, लोकल इंटेलिजेंस को और अधिक मजबूत करने व सोशल मीडिया की सतर्कता से निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम ने कहा कि त्योहारों व बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से की जाए।