यूपी एटीएस ने अवैध एक्सचेंज के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय फोन काल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम अभय मिश्रा और शम्स ताहिर खान उर्फ तुषार है।
एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से टेलीफोन संचालित कर विदेशों में बात कराकर देश को आर्थिक क्षति पहुंचाने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। इसी क्रम में नोएडा के सेक्टर 153 स्थित अर्बटेक एनपीएक्स मॉल में आल सलुशन सर्विस के नाम से अवैध एक्सचेंज चलने की जानकारी मिली थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए यूपी एटीएस ने एक्सचेंज संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को यूपी एटीएस ने नोएडा पुलिस व डिपार्टमेंट आफ टेलीकाम की संयुक्त टीम बनाकर छापे मारे गए। इस दौरान इंटरनेट गेटवे बाईपास कर वायस ओवर इंटरनेट प्रोटोकाल (वीओआईपी) कॉल को वायस काल में परिवर्तित कर विदेशी नंबरों से बात कराई जा रही थी। यहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों व्यक्तियों को नोएडा के नालेज पार्क में मुकदमा दर्ज कर दाखिल किया गया है।
एडीजी ने बताया कि दोनों ही व्यक्ति अपना नाम बदलकर यह धंधा कर रहे थे। इन लोगों ने वोडाफोन से 100 चैनल का पीआरआई सर्वर लिया था। यहां ट्राई के नियमों का उल्लंघन कर विदेश से आने वाली इंटरनेट काल को वायस काल में परिवर्तित कर भारत में संबंधित से बात कराई जाती थी। भारत के जिस व्यक्ति के नंबर पर बात होती थी उसके मोबाइल पर भारत का ही कोई नंबर प्रदर्शित होता था, जबकि जबकि काल किसी अन्य देश से हो रही होती है। इससे न सिर्फ भारतीय अर्थ व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था बल्कि देश के सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था।
ग्लोबल मार्केट बनाने के लिए लंदन और यूके में बना रखी थी फर्जी कंपनी
एडीजी कानून व्यवस्था ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने ग्लोबल टेलीकॉम मार्केट में अपने धंधे की साख बढ़ाने के लिए फर्जी तरीके से वेबसाइटों की मदद एक आईपीजीएबी नेटवर्क लिमिटेड नामक बोगस कंपनी लंदन व यूके में पंजीकृत कराई। वीओआईपी काल ट्रैफिक लेने व देने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर इसका विज्ञापन दिया गया है।
यह हुई बरामदगी
छापे के दौरान मौके से एटीएस को एक लैपटॉप, 3 राउटर, 1 डी लिंक स्विच, विभिन्न एडॉप्टर, पॉवर केबल, इथरनेट पोर्ट, 2 टर्मिनेशन बॉक्स, आप्टिकल फाइबर केबिल, मोबाइल फोन, सिमकार्ड, एपल वॉच, एक डांगल, 8 एटीएम डेबिट कार्ड व पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। एटीएस गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी।
रिमांड पर लेगी एटीएस
एटीएस की ओर से बताया गया है कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को जल्द ही रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। एटीएस पता लगाने की कोशिश करेगी कि यह लोग इस धंधे में कब से शामिल हैं, इनके और कौन-कौन साथी हैं, इस अवैध कारोबार से कितनी संपत्ति या पैसा इन लोगों ने एकत्र किया और कहां निवेश किया। इस कारोबार का प्रशिक्षण कहां से लिया गया।