टोल नाकों पर कार्रवाई, खोया-पनीर की बड़ी खेप पकड़ी
खाद्य पदार्थों की अवैध और असुरक्षित ढुलाई पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के सहयोग से चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान में अलग-अलग जिलों में बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री पकड़ी गई। मऊ में 230 किलोग्राम असुरक्षित खोया बरामद हुआ, जबकि कानपुर नगर में करीब 22 कुंतल दुर्गंधयुक्त खोया पकड़ा गया।
रामपुर में 350 लीटर दूध और हापुड़ में करीब 28 क्विंटल पनीर अस्वच्छ परिस्थितियों में परिवहन करते हुए मिला। बाराबंकी और उन्नाव में भी पनीर पकड़ा गया। गौतमबुद्धनगर में संदिग्ध पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
मुरादाबाद में पहले प्रतिबंधित किए जा चुके एक खाद्य कारोबारी के गुप्त ठिकाने पर छापेमारी के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अपमिश्रक और रसायन बरामद हुए। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बुलंदशहर, मथुरा और मुरादाबाद में मिलावट के लिए अपमिश्रक एवं रसायन मिलने पर एफआईआर की कार्रवाई भी की गई है।
बरेली में शौचालय के पास मिठाई निर्माण, मुरादाबाद में भी गड़बड़ी
भेजे गए 32 खाद्य सचल दलों ने बरेली और मुरादाबाद में विशेष प्रवर्तन कार्रवाई की। इसके साथ ही कासगंज, इटावा, हमीरपुर, महोबा, कुशीनगर और शाहजहांपुर में मंडल स्तर पर गठित अंतर्जनपदीय टीमों ने भी निरीक्षण किया। बरेली के सुभाष नगर स्थित न्यू बाजपेई स्वीट्स की निर्माणशाला में अत्यधिक गंदगी मिली।
स्थिति यह थी कि मिठाई बनाने वाली भट्टी के नजदीक ही शौचालय संचालित पाया गया। इसी जिले के कैलाशपुरी स्थित धीरज स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी में पुरानी और फफूंद लगी घेवर मिली। मुरादाबाद के ढकिया, डिलारी के निकट स्थित हुकूमत मिल्क केक की सफेद रसगुल्ला निर्माण इकाई में खाद्य पदार्थ असुरक्षित परिस्थितियों में बनाए जा रहे थे।
खाद्य सामग्री संदूषित अवस्था में बिखरी मिली। इस पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई। कोहिनूर तिराहे के निकट मदनी स्वीट्स में खाद्य निर्माण के दौरान एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था। निर्माणशाला में चूहों की मौजूदगी और उनकी गंदगी के साथ अखाद्य रंगों का प्रयोग तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने जैसी गंभीर कमियां भी मिलीं।
विभाग ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की। मुरादाबाद के ही मकबरी रोड, बड़ी सब्जी मंडी के निकट बीना मिष्ठान भंडार बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिला। यहां निर्माणशाला में चूहों का प्रकोप और अत्यधिक गंदगी पाई गई।
बिना लाइसेंस कारोबार और अस्वच्छ परिस्थितियों के चलते इकाई का खाद्य कारोबार बंद करा दिया गया। कासगंज के पवन स्वीट्स में भी निर्माणशाला में अत्यधिक गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण किए जाने पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।