नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया कि वे यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करें। मंत्रालय ने कहा कि खराब मौसम के कारण बने इन हालात में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखा जाए। अगर घने कोहरे से उड़ानें प्रभावित होती हैं, तो एयरलाइंस को यात्रियों को हरसंभव मदद देनी होगी। इनमें देरी वाली उड़ानों के यात्रियों के लिए भोजन उपलब्ध कराना, रद्द उड़ानों के मामले में दोबारा टिकट की बुकिंग या रिफंड, समय पर चेक-इन के बाद बोर्डिंग से इन्कार न करना, सामान की सुविधा और शिकायतों का त्वरित निवारण शामिल है।
यूपी में लगातार बढ़ रही है सर्दी।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रदेश में मंगलवार को 4.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर में सबसे ठंडी रात रही। घने कोहरे की वजह से प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद और सहारनपुर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। इस बीच मौसम विभाग ने नए साल का स्वागत बारिश से होने की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के 17 जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी के संकेत हैं।
प्रदेश में कई जिलों में मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा। इससे हमीरपुर में दृश्यता 20 मीटर और अमेठी, अलीगढ़, झांसी, फतेहपुर 50 मीटर तक पहुंच गई। हालांकि इस बीच राहत भरी खबर है कि अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़त होगी। बुधवार के लिए प्रदेश के 37 जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। साथ ही 17 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट यानी शीत दिवस की चेतावनी जारी किया गया है।
यूपी में सक्रिय विक्षोभ के असर से बुधवार से दिन व रात के तापमान में बढ़त के साथ ही कोहरे के घनत्व में कमी आएगी और शीत दिवस से निजात मिलेगी। अगले चार दिनों तक दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप और पारे में बढ़त से राहत मिलेगी।- अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक, आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ